दन्तेवाड़ा

किरंदुल राघव मंदिर में होलिका दहन
03-Mar-2026 5:37 PM
किरंदुल राघव मंदिर में होलिका दहन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली/किरंदुल, 3 मार्च। नगर के राघव मंदिर परिसर में सोमवार  मध्यरात्रि 12 बजे होलिका दहन और वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन बैलाडीला देवस्थान समिति के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना, हवन और मंत्रोच्चार के पश्चात शुभ मुहूर्त में अग्नि प्रज्वलित की गई। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और नगर की मंगलकामना करते हुए होलिका की परिक्रमा की। मंदिर परिसर जयघोष और भक्ति भाव से गूंज उठा।

इस अवसर पर समिति के सचिव एके. सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि होलिका पर्व केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अपील की कि इसी प्रकार सनातनी आयोजनों में बढ़-चढक़र भाग लें और सामाजिक समरसता व भाईचारे को सुदृढ़ करें। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 4 मार्च को इसी राघव मंदिर परिसर में होली उत्सव (रंगोत्सव) पारंपरिक ढंग से मनाया जाएगा, जिसमें नगरवासी एक साथ मिलकर रंगों की खुशियां साझा करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, सौहार्द एवं सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।


अन्य पोस्ट