दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 2 मार्च। दंतेवाड़ा में रंगों का पर्व होली और फागुन मंडई का आयोजन समानांतर रूप से किया जाता है। इसके फलस्वरुप होली के रंग और अधिक चटक हो जाते हैं।
दंतेश्वरी स्व सहायता समूह, गीदम द्वारा होली को यादगार बनाने विशेष इंतजाम किए गए हैं। समूह की महिलाओं द्वारा हर्बल गुलाल का निर्माण किया गया है। इस विशेष उत्पादन हेतु फूलों को प्रयोग में लाया गया। इनमें पलाश टेशु, गेंदा और मोंगरा आदि फूल प्रमुखता से शामिल किए गए।
चेहरे को नुकसान नहीं
इस हर्बल गुलाल के विषय में समूह की सदस्यों द्वारा बताया गया कि इसके निर्माण में रसायन तत्वों का समावेश नहीं किया गया।इसके फलस्वरूप यह सौ फीसदी हर्बल उत्पाद है। इस विशेष गुलाल के उपयोग से चेहरे की नाजुक त्वचा को हानि नहीं पहुंचती। इस गुलाल के निर्माण में समूह के सदस्यों का पूर्ण योगदान मिला। वहीं जिला प्रशासन द्वारा हर्बल गुलाल के निर्माण में विशेष सहयोग प्रदान किया गया। दंतेवाड़ा में संयुक्त जिला कार्यालय और मुख्य मार्ग पर समूह के स्टॉल लगाए गए हैं। इसमें हर्बल गुलाल उपलब्ध हैं।


