दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 28 फरवरी। जिला प्रशासन द्वारा जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक शनिवार को आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने मिशन के कार्यों की गहन जानकारी ली ।
उन्होंने बैठक में कहा कि जिन योजनाओं में 70 प्रतिशत से अधिक का भुगतान हो चुका है, उन्हें त्वरित गति से पूर्ण करें साथ ही जिन ठेकेदारों को अनुबंधों में 70 प्रतिशत से अधिक भुगतान हो चुका है, उन्हे अनुबंधों को 100 प्रतिशत पूर्ण करने हेतु कड़ाई से निर्देशित किया जाए।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि कार्य पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करते हुए ब्लैक लिस्टेड किया जायेगा। इसके साथ ही ऐसे ठेकेदारों को न तो जिले में शासकीय विभागों से ठेका मिलेगा साथ ही साथ उन्हें जिले के आस-पास के जिलों में भी निविदाओं में भाग लेने से वंचित भी कर दिया जायेगा।
कलेक्टर नें बैठक में 70 प्रतिशत से अधिक भुगतान के अनुबंधों के कार्य 31 मार्च 2026 तक पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये। समीक्षा के दौरान विभाग द्वारा कुछ ग्रामों के डीपीआर में छूटे गये पारों, टोलों में अतिरिक्त पाईप लाईन की आवश्यकता बताये जाने पर कलेक्टर ने निरीक्षण पश्चात विस्तृत जानकारी के साथ प्रस्ताव प्रेषित करने को कहा। इसके साथ ही जिन ग्रामों के जल टंकी के कार्यों की निविदाओं में ठेकेदार नहीं भाग ले रहे है।
उन ग्रामों में जीआई स्ट्रक्चर जैसे विकल्प को शामिल करते हुए योजना पुनरीक्षण के प्रस्ताव प्रेषित किये जायें।
जल जीवन मिशन के कार्यों के समीक्षा के बाद कलेक्टर द्वारा नगर पंचायतों, नगर पालिका के अधिकारियों से नगरों में पेयजल व्यवस्था तथा समस्याओं के बारे में जानकारी लिया गया नगरों में पेयजल व्यवस्था तथा पेयजल समस्याओं की जानकारी उपस्थित अधिकारियों द्वारा दिया गया।
एन.आर.एन.एम. एवं कौशल विकास के परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे ‘‘हर घर जल’’ प्रमाणीकृत ग्रामों में योजना के संचालन हेतु उपयुक्त युवाओं को प्रशिक्षित करने के साथ-साथ ग्राम की नल जल योजनाओं के संचालन संधारण के लिए ग्राम पंचायतों को वित्तीय रूप से सशक्त करने तथा जल उपयोग कर्ताओं की वित्तीय स्थिति सुदृढ़ करने उन्हे एनआरएलएम के गतिविधियों, कार्यक्रमों तथा योजनाओं से जोडक़र लाभान्वित करे।इस दौरान सीईओ, जयंत नाहटा, मुख्य कार्यपालन अभियंता जगदीश कुमार और निखिल कंवर प्रमुख रूप से मौजूद थे।