दन्तेवाड़ा

बड़े लखापाल-गाटम सडक़ में साइकिल चलाना मुश्किल
17-Feb-2026 10:28 PM
बड़े लखापाल-गाटम सडक़ में साइकिल चलाना मुश्किल

-सुशील राठौर

दंतेवाड़ा, 17 फरवरी (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। अच्छी सडक़ें विकास की रीढ़ है। जिससे नागरिकों को आधारभूत सुविधाएं मय्यसर होती हैं। दंतेवाड़ा जिले के विकासखंड कटेकल्याण अंतर्गत बड़ेलखापाल - गाटम सडक़ जर्जर हो चुकी है। उक्त सडक़ की लंबाई 5 किलोमीटर है।

सडक़ की दुर्दशा का अनुमान इस तथ्य से लगाया जा सकता है कि ग्राम गाटम स्थित पोटाकेबिन के समीप स्थित सडक़ का डामरीकृत भाग वर्षों पूर्व उखड़ चुका था। वहीं वर्तमान में इस सडक़ का डब्ल्यूबीएम का भाग भी उखड़ चुका है। इसके फलस्वरुप उक्त सडक़ समाप्त हो चुकी है।

इस वजह से वाहन चालकों को भारी परेशानी से दो-चार होना पड़ता है। सडक़ की बदहाली का अनुमान इस तथ्य से लगाया जा सकता है कि इस सडक़ में साइकिल चलाना भी टेढ़ी खीर है। वाहन चालकों द्वारा सडक़ का उपयोग ना करके पगडंडी रास्ते का उपयोग किया जाता है।

कई बार छापिये

इस क्षेत्र के नागरिक सडक़ की बदहाली से त्रस्त हैं। ‘छत्तीसगढ़’ द्वारा सडक़ के विषय में पूछने पर उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराइये। इस सडक़ के समाचार को समाचार पत्र में कई बार छापिये।

क्षेत्र के निवासियों का मानना है कि सडक़ की बदहाली क्षेत्रवासियों की नियति बन गई है। इसका आधार विगत कई वर्षों से सडक़ का निर्माण या मरम्मत नहीं होना है।

बजट में प्रस्ताव भेजा गया - एसडीओ

इस मुद्दे पर अनविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग रामेश्वर सूर्यवंशी ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि इस सडक़ निर्माण का प्रस्ताव बजट में भेजा गया है। विभाग द्वारा बजट स्वीकृत होने पर निर्माण कराया जाएगा।

होगी कार्रवाई- कलेक्टर

इस संबंध में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने विस्तृत जानकारी मांगी। श्री ध्रुव ने कहा कि उक्त सडक़ निर्माण हेतु गंभीर प्रयास किए जाएंगे। जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिल सके।


अन्य पोस्ट