दन्तेवाड़ा
बचेली, 8 फरवरी। छत्तीसगढ़ी फिल्म डार्लिंग प्यार झुकता नहीं के एक डांस गीत में स्कूल यूनिफॉर्म और कक्षा-कक्ष जैसे दृश्य दिखाए जाने को लेकर स्थानीय अभिभावकों ने कड़ी आपत्ति जताई है। अभिभावकों का आरोप है कि गीत की शूटिंग में कलाकार केंद्रीय विद्यालय (केवी) की यूनिफॉर्म पहनकर कक्षा-कक्ष के भीतर रोमांटिक एवं नृत्य करते नजर आ रहे हैं, जो अनुचित है।
यूट्यूब पर वीडियो अपलोड है, जिसके बाद यह मामला चर्चा और आक्रोश का विषय बन गया है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल यूनिफॉर्म केवल पहनावे तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह शैक्षणिक संस्था की गरिमा, अनुशासन और मूल्यों का प्रतीक होती है। मनोरंजन के नाम पर स्कूल परिसर और यूनिफॉर्म का इस प्रकार उपयोग विद्यार्थियों पर गलत प्रभाव डाल सकता है। अभिभावकों ने यह सवाल भी उठाया है कि क्या फिल्म निर्माताओं ने केंद्रीय विद्यालय संगठन से स्कूल परिवेश और यूनिफॉर्म के उपयोग के लिए पूर्व अनुमति ली थी। नियमों के अनुसार किसी भी शैक्षणिक संस्था की पहचान या यूनिफॉर्म का व्यावसायिक उपयोग बिना अनुमति नहीं किया जा सकता।
स्थानीय अभिभावकों ने शिक्षा विभाग और केंद्रीय विद्यालय संगठन से मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


