दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 6 फरवरी। दंतेवाड़ा प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निदान हेतु जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखण्ड गीदम अंतर्गत ग्राम पंचायत पाहुरनार में गत् दिवस आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम पंचायतों - बड़ेकरका, कौरगांव, तुमरीगुंडा एवं चेरपाल से बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित हुए। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना रहा। आयोजन में राजस्व, पंचायत, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खाद्य, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
शिविर के दौरान कुल 374 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 296 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रेषित करते हुए समय-सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए गए। प्राप्त आवेदनों में प्रमुख रूप से राशन कार्ड, आधार अपडेट, पेंशन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा जॉब कार्ड, विद्युत कनेक्शन, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित मांगें शामिल रहीं। अधिकारियों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई। कई पात्र हितग्राहियों के आवेदन तत्काल दर्ज कर उन्हें पावती प्रदान की गई।
शिविर में बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया और उन्हें संबंधित काउंटर पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराया गया। इस प्रकार जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिससे ग्रामीणों को अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिला और शासन की योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया सरल हुई। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और सीईओ, जनपद पंचायत, बलराम ध्रुव प्रमुख रूप से मौजूद थे।
—--


