दन्तेवाड़ा
कर्मा कुटुंब संभाग स्तरीय महासम्मेलन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 3 फरवरी। बचेली क्षेत्र के दुगोली स्थित इमली पारा में रविवार को कर्मा कुटुंब संभाग स्तरीय महासम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस महासम्मेलन में संभाग भर से आए हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान समाजजनों ने अपने-अपने परंपरागत देवों को विधिवत लाकर स्थापित किया तथा पूजा-अर्चना कर समाज की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता का परिचय दिया। महासम्मेलन में आदिवासी समाज के प्रमुख नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आदिवासी बच्चों को शिक्षा, पढ़ाई-लिखाई और आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक देवकी कर्मा, तूलिका कर्मा, छविंद्र कर्मा एवं बचेली टीआई सहित विभिन्न जिलों से आए आदिवासी समाज के नेता और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महासम्मेलन की विशेष आकर्षण आदिवासी बच्चों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे, जिसमें समाज की समृद्ध परंपरा और लोकसंस्कृति का सुंदर प्रदर्शन किया गया। आयोजन स्थल पर भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई थी।
पूरे दिन चला यह महासम्मेलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने आदिवासी समाज की एकता, संस्कृति और जागरूकता का सशक्त संदेश दिया।


