दन्तेवाड़ा

धूमधाम से मनी परशुराम जयंती, बांटे शरबत
02-May-2025 3:21 PM
धूमधाम से मनी परशुराम जयंती, बांटे शरबत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 2 मई।
नगर में बुधवार को सर्व ब्राह्मण समाज के द्वारा भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव बड़े उल्लास के साथ मनाया गया। 
इस अवसर पर सर्वप्रथम गौरव पथ मुख्य मार्ग पर हनुमान मंदिर के सामने  पंडाल लगा कर भगवान श्री परशुराम जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से पूजा अर्चना कर प्रसाद वितरण किया गया। तत्पश्चात शीतल पेय पदार्थ पिलाया गया। 

कमलेश दुबे ने बताया कि बैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया को हर वर्ष भगवान विष्णु के छठवें अवतार भगवान परशुराम की जयंती मनाई जाती है। महाभारत और विष्णु पुराण के अनुसार परशुराम जी का मूल नाम राम था किन्तु जब भगवान शिव ने उन्हें अपना परशु नामक अस्त्र प्रदान किया तभी से उनका नाम परशुराम हो गया उन्होंने राक्षस प्रवृति व दुराचारियों का 21 बार नाश किया था। हम सर्व ब्राह्मण समाज के द्वारा भी प्रति वर्ष जन्म उत्सव एकता और भाई चारा का परिचय देते हुए मनाते आ रहे हैं।
 इस दौरान  रौशन पांडे, दीनानाथ तिवारी,  रौशन मिश्रा, उत्कर्ष पांडे, अर्णव चक्रवर्ती, कमलेश दुबे,  रवि मिश्रा, विनोद चक्रवर्ती व अन्य की मौजूदगी रही। 
 


अन्य पोस्ट