दन्तेवाड़ा

एनएमडीसी भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग, युवाओं का धरना दूसरे दिन भी जारी
29-Nov-2026 9:52 PM
एनएमडीसी भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग, युवाओं का धरना दूसरे दिन भी जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

किरंदुल/बचेली, 29 नवंबर। एनएमडीसी की एल-1 एवं एल-2 पदों की भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित करने और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग को लेकर बेरोजगार युवाओं का अनिश्चितकालीन धरना रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। किरंदुल में प्रदर्शनकारी एनएमडीसी चेकपोस्ट के सामने सडक़ के एक हिस्से में तंबू लगाकर धरने पर बैठे हैं।

रविवार को बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी, दंतेवाड़ा की पूर्व विधायक देवती कर्मा, कांग्रेस नेत्री तुलिका कर्मा तथा पूर्व विधायक मनीष कुंजाम आंदोलन स्थल पहुंचे और युवाओं की मांगों का समर्थन किया।

विक्रम मंडावी ने कहा कि सरकार, प्रशासन और एनएमडीसी प्रबंधन को एल-1 एवं एल-2 भर्ती परीक्षा की तारीख जल्द घोषित करनी चाहिए तथा स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।

तुलिका कर्मा ने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार दिया है तथा कांग्रेस पार्टी युवाओं के रोजगार संबंधी मांगों के साथ खड़ी है।

मनीष कुंजाम ने कहा कि बेरोजगार युवाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए और भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं के हितों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

प्रदर्शन के मद्देनजर किरंदुल और बचेली परियोजनाओं के प्रवेश द्वारों तथा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। कई रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है, कुछ गेट बंद रखे गए हैं और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। बचेली परियोजना में भी गेट बंद रखे गए हैं, हालांकि वहां किरंदुल की तुलना में प्रदर्शनकारियों की संख्या कम बताई गई है।

इसके अतिरिक्त, कुछ कर्मचारियों को परियोजना परिसर के भीतर बुलाकर उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था किए जाने की जानकारी सामने आई है, हालांकि इस संबंध में एनएमडीसी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परीक्षा की तारीख घोषित होने तक उनका धरना जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट