दन्तेवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 17 अक्टूबर। दंतेवाड़ा में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया तेजी से जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्वाचक नामावली का का प्रारंभिक प्रकाशन बुधवार को किया गया।
इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक तिवारी नें जानकारी में बताया कि जिले के पांच नगरीय निकायों में निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया है। इसके अंतर्गत नगरीय निकाय दंतेवाड़ा - 10099, बड़े बचेली - 12742 किरंदुल - 12964 गीदम - 6423 और बारसूर - 4271 मतदाता है। उक्त नामावली जिले के अनुविभागीय अधिकारी और तहसील कार्यालय में चस्पा की गई है। श्री तिवारी ने बताया कि 23 अक्टूबर दोपहर 3:00 बजे तक दावा आपत्ति आमंत्रित की जाएगी। इसी क्रम में 29 अक्टूबर तक दावा - आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। जिला अंतर्गत नगरीय निकायों के निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 22 नवंबर को किया जाएगा।
श्री तिवारी ने जानकारी में बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत हेतु निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 24 अक्टूबर को किया जाएगा। वर्तमान स्थिति में जिला अंतर्गत 117 ग्राम पंचायत के फोटो युक्त निर्वाचक नामावली तैयारी पुनरीक्षण का कार्य प्रगति पर है। ताजा स्थिति के अनुसार जनपद पंचायत दंतेवाड़ा - 35420 मतदाता गीदम जनपद पंचायत - 30126 मतदाता, कुआकोंडा - 25017 मतदाता और कटेकल्याण अंतर्गत - 18109 मतदाता है। उन्होंने बताया कि पंचायत अंतर्गत मतदाताओं की संख्या में वृद्धि होगी। इसका आधार वर्ष 1 जनवरी 2024 निर्धारित किया गया है। जिले में नवीन पंचायत हेतु परिसीमन कार्य तेजी से जारी है। नवीन गठित ग्राम पंचायतों की संख्या 26 है।
निर्वाचक नामावली के संबंध में दावा आपत्ति 29 अक्टूबर दोपहर 3:00 बजे तक स्वीकारी जाएगी। इसी क्रम में 4 नवंबर तक दावा आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। ग्राम पंचायतों के निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 29 नवंबर को किया जाएगा।
श्री तिवारी ने स्पष्ट किया कि 117 ग्राम पंचायत हेतु निर्वाचक नामावली का कार्य कराया जा रहा है। इसके साथ 27 पुराने ग्राम पंचायत तथा नवीन 26 ग्राम पंचायत में परिसीमन की कार्यवाही जारी है।
मतदान दर बढ़ाने विशेष अभियान जाबो संचालित किया जाएगा। इस अवसर पर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी प्रमुख रूप से मौजूद थे।