दन्तेवाड़ा

दंतेवाड़ा फुटबॉल संघ के अध्यक्ष रवि मंडल बने प्रदेश संघ में उपाध्यक्ष
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 19 अगस्त। छत्तीसगढ़ फुटबॉल संघ का 8वां वार्षिक अधिवेशन शनिवार को रायपुर के वीआईपी रोड स्थित होटल ग्रैंड नीलम में संपन्न हुआ। इस अधिवेशन में नई कार्यकारिणी का गठन भी हुआ। जिसमें आर. प्रसन्ना को सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद के लिए चुना गया। वहीं जीडी गांधी को पुन: सर्वसम्मति से महासचिव पद के लिए चयनित हुए।
इस नई कार्यकारिणी में दंतेवाड़ा जिला के फुटबॉल संघ के अध्यक्ष रवि मंडल को भी जगह मिली, उन्हें उपाध्यक्ष बनाया गया। जॉन वेलडन को जोनल सेक्रेटरी के पद पर चयनित किया गया।
रवि ने उपाध्यक्ष बनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश फुटबॉल संघ का आभार जातया और विश्वास दिलाया कि नई कार्यकारिणी ऊर्जावान है और हमें पूरा विश्वास है कि हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ फुटबॉल संघ को नई ऊंचाईयों पर ले जाएंगे। इसके अलावा दिवाकर थिटे एवं मोहनलाल को क्रमश: इस संघ का कैशियर एवं सहायक सचिव की जिम्मेदारी दी गई।
इससे पूर्व संघ के अधिवेशन के प्रथम भाग में फुटबॉल संघ के सचिव द्वारा बीते सत्र की खेल गतिविधियों का विवरण एवं उपलब्धियों एवं आय-व्यय को लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया।
द्वितीय भाग में नई कार्यकारिणी के चुनाव प्रक्रिया को संपन्न किया गया। अधिवेशन में एमपी जबलपुर से अमित देव चुनाव पर्यवेक्षक, राज्य ओलंपिक संघ के सदस्य श्री श्रीवास्तव, श्री जांखड़, खेल अधिकारी, सेल एवं छग फुटबॉल संघ से पंजीकृत जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष एवं सचिव कर उपस्थिति रही। गठन अगले 4 वर्षों 2024 से 2028 तक के लिए किया गया है।