दन्तेवाड़ा

सडक़ की हालत बदतर, आवाजाही मुश्किल
23-Feb-2024 10:57 PM
सडक़ की हालत बदतर, आवाजाही मुश्किल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 23 फरवरी। खनिज संपदा से भरपूर यह जिला आज एक अच्छी सडक़ के लिए तरस रहा है। दंतेवाड़ा से लेकर भांसी बचेली होते हुए किरंदुल तक 40 किमी लंबी सडक़ की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। लोग जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हंै।

सडक़ में गड्ढों की भरमार है, गिट्टियां उखड़ चुकी है, धूल अलग परेशान कर रही है। दुपहिया वाहन चालक जब इस सडक़ पर चलते हंै तो कब गिर जाये भरोसा नहीं। छोटी बड़ी दुर्घटनाएं लगातार इस मार्ग पर हो रही है।

बड़ी दिक्कतें उन लोगों के लिए है, जो प्रतिदिन अपने कार्यस्थल के लिए इस सडक़ का इस्तेमाल करते हैं। वाहनों के चेसिस व पट्टे टूट रहे हंै, दुपहिया चालक गिर रहे हैं। धूल के कारण श्वास संबंधी बीमारियां भी लोगों को हो रही है। सडक़ पर उड़ते धूल के गुबार से पेड़ पौधे भी सन चुके हैं। लोगों में इस सडक़ को लेकर आक्रोश दिख रहा है।

एक माह से बंद पड़ा सडक़ निर्माण का कार्य

करीब 100 करोड़ की लागत से बन रही यह 40 किमी लंबी सडक़ को लोक निर्माण विभाग द्वारा लेटलतीफी के चलते टेंडर को निरस्त किया गया था। पिछले एक माह से अधिक का समय हो चुका है और कार्य बंद पड़ा है। ऐसे में सडक़ की स्थिति और बुरी होती जा रही है।

पूर्व में कम से कम सडक़ का कार्य चल तो रहा था। विभाग द्वारा गत 14 फरवरी को रि-टेंडर ओपन होने की बात कही जा रही थी, लेकिन एक सप्ताह बीत चुका है टेंडर का क्या हुआ कोई जानकारी नहीं।

लोक निर्माण विभाग के मुख्य कार्यपालन अभियंता एसएल ठाकुर ने बताया कि राजधानी में टेंडर ओपन होगा, किसी तकनीकी समस्या के कारण 14 को टेंडर नहीं खुल सका।

चलते हुए कार्य को क्यों बंद किये जाने के सवाल पर ठाकुर ने कहा कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में काफी लेटलतीफी की जा रही थी, जिस पर कई बार कार्य में तेजी लाने नोटिस भी दिया गया था। लेकिन कार्य में गति नहीं दिखने के कारण निरस्त किया गया।


अन्य पोस्ट