दन्तेवाड़ा

दुकान में बन रहे थे फर्जी आय प्रमाण पत्र, प्रशासन ने जब्त किए दस्तावेज
06-Apr-2023 9:02 PM
दुकान में बन रहे थे फर्जी आय प्रमाण पत्र,  प्रशासन ने जब्त किए दस्तावेज

दंतेवाड़ा, 6 अप्रैल। दंतेवाड़ा के एक निजी दुकान में  फर्जी आय प्रमाण पत्र बनाने का मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय के बस स्टैंड स्थित फोटो स्टूडियो में फर्जी आय प्रमाण पत्र बनाया जा रहा था। जिसकी सूचना मिलने पर प्रशासन के दल ने छापा मारा। छापेमारी में पुलिस को सफलता मिली। 

उक्त फर्जीवाड़े की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। कलेक्टर विनीत नंदनवार के निर्देशन में टीम गठित की गई। फर्जी आय प्रमाण पत्र बनाने वाले दुकान का आकस्मिक निरीक्षण कर संचालक पर दंडात्मक कार्रवाई की गई है। 

प्रशासन को मिली शिकायत पर कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश राजस्व और पुलिस को दिए थे। शिकायत के अनुसार न्यू बॉम्बे फोटो स्टूडियो द्वारा फर्जी तौर पर आय प्रमाण पत्र बनाया जा रहा था। कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा न्यू बॉम्बे फोटो स्टूडियो पर छापामार कार्रवाई करते हुए दुकान की गहनता से जांच की गई।

जांच में स्टूडियो से फर्जी प्रमाण पत्र बनाना कि शिकायत सही पाई गई। कार्रवाई में स्टूडियो के आय प्रमाण पत्र बनाने में उपयोग की गई कंप्यूटर सहित सभी उपकरणों को जब्त कर सील बंद किया गया। साथ ही जारी करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट