दन्तेवाड़ा

जादू-टोने के संदेह में दंपत्ति की हत्या, 4 बंदी
05-Sep-2022 4:39 PM
जादू-टोने के संदेह में दंपत्ति की हत्या, 4 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 5 सितंबर।
दंतेवाड़ा के अरनपुर थाना के जबेली गांव में शनिवार को जादू-टोने के संदेह में दंपत्ति की हत्या की गई थी, जिसमें शामिल चार आरोपियों को अरनपुर पुलिस को ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार को अरनपुर पुलिस थाना में प्रार्थी जगमोहन तारम द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जिसमें उल्लेख किया गया कि जबेली निवासी भीमा करटामी (45 वर्ष) और नंदे करटामी (40 वर्ष) की उनके घर में मारपीट कर गला घोंंट कर हत्या कर दी गई।

पुलिस अधीक्षक, दंतेवाड़ा सिद्धार्थ तिवारी द्वारा मामले की संवेदनशीलता के मद्देनजर आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। इसके उपरांत अनुविभागीय अधिकारी कमलजीत पाटले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुरुषोत्तम ध्रुव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जिसने मामले की गहन विवेचना की। कड़ी पूछताछ के पश्चात चार आरोपियों की गिरफ्तारी की गई, जिसमें एक ही परिवार के तीन सगे भाई शामिल थे। इनमें देवा कोर्राम  39 वर्ष, लखमा कोर्राम, 36 वर्ष, दीपक कोर्राम, 32 वर्ष और सुक्का कोर्राम 33 वर्ष शामिल हैं।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को 24 घंटों में गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
 


अन्य पोस्ट