दन्तेवाड़ा

किसान धान की करें रोपाई
27-Jul-2022 4:22 PM
किसान धान की करें रोपाई

जिले में 9 फ़ीसदी अधिक वर्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 27 जुलाई।
दंतेवाड़ा में सोमवार तक सामान्य से अधिक वर्षा हो चुकी है। कृषि विज्ञान केंद्र दंतेवाड़ा के जिला कृषि मौसम इकाई के अनुसार दंतेवाड़ा जिला में 622.2 मिमी वर्षा हो चुकी है। जिले में अब तक का सामान्य वर्षा 572.1 मिमी हुई थी,जो वर्तमान समय में 9 प्रतिशत ज्यादा है जिसके कारण जिले में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले 31 जुलाई तक दिनभर बादल छाये रहने के साथ हलके से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है।

वर्षा की संभावना को देखते हुए जिले के नदी नालों में बाढ़ की स्थिति बनी ही रहेगी। अत: सावधानी बरतने की आवश्यकता है। जिसके लिए समय-समय पर चेतावनी की भी जानकारी दी जा रही है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे बचे हुए धान की रोपा लगाये व 25 दिन के खड़ी फसल के खेत में 5.10 सेंटीमीटर पानी जमा होने पर बियासी का कार्य कर सकते है। बियासी उपरांत तुरंत सघन चलायी का कार्य भी कर लें। दलहनी सब्जी वाली फसलों में जल निकासी की उत्तम व्यवस्था बनायें। अच्छे स्वास्थ्य एवम् दूध उत्पादन बने रखने व बीमारियों से बचाव के लिए पशु बाड़े में मक्खी एवम मच्छरों के नियंत्रण हेतु उपाय करें।


अन्य पोस्ट