दन्तेवाड़ा
कलेक्टर ने दफ्तरों का किया निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 9 फरवरी। कलेक्टर दीपक सोनी ने बुधवार को संयुक्त जिला कार्यालय स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। संयुक्त जिला कार्यालय स्थित आदिवासी विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, पशुचिकित्सा, मत्स्य पालन, पीएचई, सहायक पंजीयक, सहकारी संस्थाए एवं अन्य कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण उपरांत कार्यालयों में अनुपस्थित पाए गए 39 अधिकारी-कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा शासकीय कर्मचारियों की कार्यक्षमता और उत्पादकता बढ़ाने के लिए पांच कार्य दिवस प्रति सप्ताह प्रणाली प्रारंभ करने की घोषणा की गई है। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इस संबंध में 2 फरवरी को अधिसूचना भी जारी की गई है। यह अधिसूचना जारी होने की तिथि से प्रभावशील हो गयी है। अधिसूचना के अनुसार समस्त मैदानी कार्यालयों हेतु कार्यावधि सुबह 10 से सायं 5.30 तक निर्धारित है।
कलेक्टर ने विगत दिनों सभी विभागों के जिला प्रमुख अधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देश दिया है कि राज्य सरकार के आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाए। बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर नियमानुसार कार्यवाही करने और विलंब से आने पर वेतन कटौती के निर्देश दिये हैं। समस्त जिला अधिकारियों को अपने अधिनस्थ कार्यालय में भी अधिसूचना का कड़ाई से पालन करवाने के निर्देश दिए गए है। समय सीमा की बैठक में समस्त अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया गया है।
कलेक्टर ने कहा कि निरीक्षण की कार्यवाही सतत् जारी रहेगी। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र के शासकीय कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश दिये है।
यह निरीक्षण निरंतर जारी रखने और निर्देशों के उल्लंघन करने वाले अधिकारियों कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये है।
कलेक्टर नेंं बुधवार 9 फरवरी को जिला कार्यालय व अपने कार्य क्षेत्र के विभिन्न कार्यालयों का पूर्वान्ह 10 बजे से 10.15 बजे निरीक्षण किया। कलेक्टर ने जिला कार्यालय के विभिन्न शाखाओं के उपस्थिति पंजी का निरीक्षण किया।


