‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,11 जुलाई। हिंदू जागरण मंच सरगुजा ने संगम चौक से घड़ी चौक व महामाया चौक तक पदयात्रा कर व्यवसायियों व आम नागरिकों को यूसीसी के महत्व को रेखांकित करता हुआ 13 बिंदुओं का पत्रक वितरित कर अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर द्वारा ईमेल या उपलब्ध लिंक के माध्यम से समान नागरिक संहिता पर अपने सुझाव व विचार 13 जुलाई तक भेजने का निवेदन किया। इसी परिप्रेक्ष्य में महामाया चौक व घड़ी चौक पर नुक्कड़ सभा का आयोजन कर वक्ताओं ने इसके महत्व पर आम नागरिकों के साथ जानकारी साझा की।
अतिथि वक्ता वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष चंद्र अग्रवाल ने कहा कि हिंदू जागरण मंच द्वारा यह कार्यक्रम एक पवित्र उद्देश्य को लेकर किया जा रहा है।यह सौभाग्य है कि हम सब समान नागरिक संहिता के साक्षी बनने जा रहे हैं।यह कानून लागू होने के बाद शादी,तलाक,दहेज उत्तराधिकार के मामलों में हिंदू मुसलमान और ईसाइयों पर एक समान कानून लागू होगा। न्यायपालिका पर दबाव कम होगा और धर्म के कारण वर्षों से लंबित प्रकरणों का शीघ्रता से निष्पादन होगा,साथ ही कोई भी आसानी से धर्म के नाम पर राजनीति नहीं कर पाएगा।
वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक दुबे ने कहा कि इस कानून के आने के बाद सभी धर्मों के पर्सनल ला बोर्ड समाप्त हो जाएंगे और सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून बन जाएगा, साथ में सभी के लिए अलग-अलग अदालतों की जरूरत नहीं पड़ेगी।
वरिष्ठ अधिवक्ता ब्रह्मा शंकर सिंह ने कहा कि समान नागरिक संहिता धर्म की परवाह किए बिना सभी नागरिकों के व्यक्तिगत मामलों को नियंत्रित करने के लिए कानूनों का एक सेट रखती है और यही व्यवस्था वर्तमान की मांग है जो सुनिश्चित करता है कि आम नागरिकों के मौलिक व संवैधानिक अधिकार सुरक्षित हैं।
हिंदू जागरण मंच के संयोजक निलेश सिंह ने कहा कि यूसीसी का उद्देश्य विभिन्न धर्म समुदायों पर लागू विभिन्न कानून जो एक दूसरे के साथ असंगत हैं को एक माला में पिरोकर उन्हें प्रतिस्थापित करना है।
वरिष्ठ अधिवक्ता विद्यानंद मिश्रा ने कहा कि विभिन्न धर्म संस्कृति रीति रिवाज वेशभूषा के इस देश में राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के लिए समान नागरिक संहिता कानून की आवश्यकता है।
हिंदू जागरण मंच की सह संयोजक श्वेता गुप्ता ने कहा कि यह कानून महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। यह पारिवारिक कानून में महिलाओं के लिए समान अधिकारों की गारंटी देने का साधन बनेगा।नुक्कड़ सभाओं का संचालन सरगुजा के साहित्यकार विनोद हर्ष ने किया।
इस अवसर पर सर्वश्री सुभाष अग्रवाल, अशोक दुबे,लेख राज अग्रवाल, निलेश सिंह,विद्यानंद मिश्रा,विनोद हर्ष,जनमेजय मिश्रा, वेद प्रकाश शर्मा अनिल तिवारी गोल्डी बिहाड़े अजितअग्रवाल,निश्चल सिंह,सैलु सिंह, विकास वर्मा,विशाल गोस्वामी,अवधेश सोनकर,मधु चौदहा, स्वेता गुप्ता,रश्मि जायसवाल, ममता तिवारी,राजेश सिंह,सतेन्द्र सिंह,कृष्ण कुमार मिश्रा,विनोद सिंह ,किशोर सिंह,दीपक गर्ग, मनोज कंसारी,अनुज सिंह,राघवेंद्र सिंह,दिवस दुबे मुकेश अग्रवाल,रामसिंह देव,संभु सोनी,अंकित जायसवाल, अभय सिंह,सोनू कश्यप, काशी केशरी, मनोज प्रसाद,अनुज तिवारी, मार्कंडेय तिवारी प्रियांशु अग्रवाल,राजन कंसारी,अजय सिंह,,जतिन परमार,दिब्यांशु केशरी, संतोष सिंह, बबलू सिंह सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित थे।