‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,13 जुलाई। श्रावण मास में श्री कैलाश नाथेश्वर धाम के लिए गुरुवार को अंबिकापुर शंकरघाट बांक नदी तट से जल उठाकर गेरूआ वस्त्र धारण किए हजारों कांवरिये लगभग 80 किलोमीटर दूर स्थित कैलाश गुफा के लिए निकले।
बोल बम के जयकारा के साथ पदयात्रा करते हुए कैलाश नाथेश्वर धाम के लिए निकले श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा गया। भगवान भोलेनाथ के गीतों व बाजे-गाजे के साथ निकले इस यात्रा से नगर का माहौल भक्तिमय रहा। अंबिकापुर से लेकर बतौली तक भक्ति और उल्लास के बीच कांवरियों का रेला लगा रहा। जगह-जगह कांवरियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी।
सरगुजा कांवरिया सेवा संघ के तत्वावधान में शुरू हुई कांवर पदयात्रा के 36 वें वर्ष में सरगुजा सहित कोरिया, रायगढ़, जशपुर जिले के मनेंद्रगढ़, चिरमिरी, बैकुंठपुर सहित उत्तरप्रदेश व झारखंड जिले के श्रद्घालु भी इस यात्रा में शामिल होते हैं।
बुधवार की दोपहर बाद से ही जिले व आसपास के जिलों से कांवरियों का पहुंचना शुरू हो गया था। बुधवार शाम यात्रा में जरूरत पडऩे वाले हर तरह के सामानों की जमकर खरीदारी कांवरियों ने देर रात तक की। नगर निगम स्कूल मैदान में भक्ति गीत संगीत के कार्यक्रम में श्रद्धालु जमकर थिरके। बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि के बाद एक बजे से ही स्थानीय शंकरघाट में बांकी नदी से जल उठाने कांवरियों का हुजूम उमड़ पड़ा।
शंकरघाट से नाचते-गाते उत्साह व उमंग के साथ कांवरिये यात्रा के लिए निकल पड़े थे। पौ फटने के बाद तक कई कांवरिये लुचकी घाट, काली मंदिर चेंद्रा तक पहुंच चुके थे। छोटे बच्चों के साथ युवा, बुजुर्ग व महिलाएं भी बोलबम का जयघोष कर पूरे उत्साह के साथ कैलाश नाथेश्वर धाम में जलाभिषेक के लिए निकले।
अंबिकापुर से बतौली तक हर जगह सिर्फ गेरूवा वस्त्रधारी कांवरिये ही नजर आ रहे थे। पूरा नजारा बाबाधाम जैसा प्रतीत हो रहा था। रास्ते भर विभिन्न संगठनों द्वारा कांवरियों का स्वागत, जलपान व नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। यात्रा स्थानीय शंकरघाट से प्रारंभ होकर लुचकी, चेंद्रा, लमगांव होते देर शाम बतौली पहुंचेगी। यहां भोले भक्तों के लिए रात्रि जागरण का कार्यक्रम भी रखा गया है। शुक्रवार को कांवरिये बतौली से यात्रा प्रारंभ कर बिलासपुर, बासांझाल होते हुए कैलाश गुफा पहुंचेंगे।
जगह-जगह स्वागत और सेवा
अंबिकापुर शिव शंकर घाट से जल उठा कर निकले कांवरियों के लिए जगह -जगह स्वागत और सेवा की व्यवस्था की गई थी। शंकर घाट से लेकर बतौली तक सेवाभावी लोगों द्वारा चाय, नाश्ते के साथ भक्ति गीत संगीत का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। सारी रात श्रद्धालुओं के साथ सेवाभावी लोग जागते रहे। रात 12 बजे से ही कांवरिया कैलाश गुफा के लिए रवाना होने लगे थे, इसलिए रात भर सेवाभावी लोगों द्वारा चाय नाश्ते का प्रबंध अलग-अलग स्थानों पर किया गया।
शंकर घाट के अलावा रामानुजगंज नाका चौक, पुलिस लाइन शिव मंदिर के पास, स्कूल रोड में हनुमान मंदिर, थाना चौक, महामाया चौक, सदर रोड में दो-तीन स्थानों के अलावा दरिमा मोड़ में भव्य गीत संगीत का कार्यक्रम चलता रहा। यहां शिव, पार्वती की जीवंत झांकी और उनके द्वारा प्रस्तुत नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे। लुचकी घाट तक शहर के लोगों ने जगह-जगह स्टाल लगाकर कांवरियों की न सिर्फ सेवा की बल्कि उन्हें फल, चाय, बिस्किट उपलब्ध कराया।
कांवरियों की सुरक्षा के लिए एसपी भी जल उठा निकले कैलाश गुफा जाने-
कांवरियों की सुरक्षा के लिए सरगुजा एसपी सुनील शर्मा सादे पोशाक में शंकरघाट बांक नदी तट से जल उठाकर कांवरियों के जत्था के साथ जल चढ़ाने के लिए कैलाश गुफा के लिए रवाना हुए।
80 किलोमीटर तक सरगुजा पुलिस सादी वर्दी में करेंगी निगरानी करेगी।कानून व्यवस्था बनी रहे ऐसे में खुद सरगुजा पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा कांवरियों के साथ पैदल यात्रा करते नजर आए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वे खुद 80 किलोमीटर का सफल पैदल तय कर कांवरियों के साथ उनकी सुरक्षा के लिए कैलाश गुफा जा रहे हैं, वहीं सरगुजा एसपी ने असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी है कि कांवड़ यात्रा में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि सरगुजा के इतिहास में यह पहला मौका है, जब 38 सालों में कोई पुलिस अधीक्षक कांवरियों की सुरक्षा के लिए उनके साथ 80 किलामीटर का पैदल यात्रा कर रहा है।