सरगुजा

उपार्जन केन्द्र में सजायाफ्ता व्यक्ति मैनेजर के पद पर
03-Nov-2022 9:16 PM
उपार्जन केन्द्र में सजायाफ्ता व्यक्ति मैनेजर के पद पर

विधायक प्रतिनिधि ने लगाया आरोप

लखनपुर, 3 नवंबर। अंबिकापुर विधायक प्रतिनिधि विक्रमादित्य सिंहदेव ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाते कहा कि लखनपुर विकासखंड के ग्राम चांदो धान उपार्जन केंद्र में  सजा काटकर आए व्यक्ति मैनेजर के पद पर कार्यरत है, जो कि संविधान के खिलाफ है। तत्कालीन सरगुजा कलेक्टर से शिकायत के बाद भी अब तक सजायाफ्ता मैनेजर को पद से पृथक नहीं किया गया  तथा किसी भी प्रकार की कार्रवाई अब तक नहीं की गई है।

पत्रकारवार्ता के दौरान विधायक प्रतिनिधि विक्रमादित्य सिंह देव ने कहा कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति चांदो में प्रबंधक के पद रहकर रूदन  रजवाड़े के द्वारा बड़े रूप में वित्तीय अनियमितता किया गया था।  अपराध सिद्ध होने पर न्यायिक मजिस्ट्रेट अंबिकापुर द्वारा अर्थदंड के साथ सजा सुनाई गई थी, वह कई महीने जेल में भी रह चुका है। साथ ही  शासकीय सेवा में कार्य करने के लिए 12वीं उत्तीर्ण होना चाहिए, जबकि वर्तमान मैनेजर आठवीं उत्तीर्ण है।  

कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों जनपद अध्यक्ष उपाध्यक्ष व जनपद सदस्यों के द्वारा तत्कालीन सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंप चांदो धान उपार्जन केंद्र में मैनेजर के पद पर पदस्थ रुदन रजवाड़े को पृथक कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की गई थी, परंतु अब तक किसी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं की गई है।

जिसे लेकर किसानों व कांग्रेसियों में रोष व्याप्त है। कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में इसकी शिकायत आगे की जाएगी।


अन्य पोस्ट