‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,1 अगस्त। छात्र नेता शुभम जायसवाल के नेतृत्व में युवाओं ने प्रतापपुर रोड स्थित शिवधारी कॉलोनी की जमीन पर अवैध निर्माण को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन दिया है। इस बाबत एक सप्ताह पूर्व जनदर्शन में दिये ज्ञापन में प्रशासन द्वारा कोई कर्रवाई नहीं किये जाने पर आज मंगलवार को पुन: ज्ञापन दिया गया है।
छात्र नेता शुभम जायसवाल ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेता व पार्षद का परिवार अवैध तरीके से अनुबंध पर शिवधारी कॉलोनी की जमीन को बेच रहा है और निर्माण भी कराया जा रहा है। जबकि इस भूमि को राजस्व मंडल ने छोटे झाड़ का जंगल घोषित करते हुए शासकीय सम्पत्ति बताया था।
हालांकि राजस्व मंडल के इस आदेश पर माननीय उच्च न्यायालय, बिलासपुर ने स्थगनादेश जारी किया था , किंतु यथास्थिति बनाये रखने का भी निर्देश दिया था।
शुभम जायसवाल का कहना है कि यथास्थिति बनाये रखने के आदेश के बावजूद दुबे परिवार लगातार इस बेशकीमती जमीन को अनुबंध कर बेचा जा रहा है। शुभम जयसवाल ने प्रशासन पर आरोप लगाया है कि लगातार तीन बार आवेदन देने के बावजूद प्रशासन आंख मूंदे बैठा है और बहुमूल्य शासकीय भूमि को कब्जे की भेंट चढऩे दे रहा है।
छात्रनेता ने जनदर्शन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जब जनता की सुनवाई ही नहीं तो जनदर्शन का क्या फायदा। छात्रनेता और उसके साथ आये युवाओं ने ये कहा है कि प्रशासन ने अब भी कोई कर्रवाई नहीं कि तो आंदोलन का रुख अपनाया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में शुभम जायसवाल के साथ गुरप्रीत सिद्धू अजय सिंह, रजनीश, नितेश, उत्तम, विकास आशुतोष ,राहुल, अफताब, अनिकेत, मनीष, यशवंत, आशु, फैजान, रवि, आशीष, निधि ,सालिक, श्रेयांश, निखिल अरशद, सीफ़्टेन,गिप्टी ,अभिसार,दानिश ,अतुल ,महफूज ,सलमान अंकुश, अविनाश, आयुष, निमित्त, सुमित, श्याम ,निखिल अंकुर ,राहुल, सलीम, अविनाश विशाल संस्कार ,दीपू, युवराज, आदर्श विशाल, ऋषभ, सुमित, श्याम , बिट्टू ,साहिल, निलेश, गोल्डन, नन्नू ,जिसान ,राशिद, बाबू, श्रेयांश, राकेश आदि शामिल थे।