सरगुजा

तेज बारिश से पुलिया क्षतिग्रस्त, राशन लदे ट्रक-बस की आवाजाही बंद
01-Aug-2023 8:07 PM
तेज बारिश से पुलिया क्षतिग्रस्त, राशन लदे ट्रक-बस की आवाजाही बंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,1 अगस्त।
विकासखंड बतौली के ग्राम पंचायत करदना के अंतर्गत प्राथमिक शाला कोरकोर ढाप के समीप कल रात हुई तेज बारिश के कारण पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई।

ज्ञात हो कि पुलिया का निर्माण वर्ष 2008-09 के दरमियान कराया गया था। हाल ही में इस रोड का डामरीकरण किया गया था।

बतौली से करदना होते हुए पैदल मार्ग से मैनपाट जाने का भी यह मार्ग है। इसी मार्ग से मैनपाट के सुदूर ग्राम कदनाई भी जाने का एकमात्र मार्ग है, जिससे होकर स्वास्थ्य सुविधा और राशन की वाहनें जाती हैं।

बतौली जनपद पंचायत के मुख्यालय से करदना को जोडऩे वाली मात्र एक सडक़ है।  ग्रामीणों का कहना है कि जल्द ही यह पुलिया पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो जाएगी। अभी क्षतिग्रस्त सडक़ से मोटरसाइकिल ही जा पा रही है। चार पहिया वाहन काफी मशक्कत से जा पा रही है। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण फिसलन होने से वाहन चालक डर-डर कर अपने वाहन पार कर रहे हैं। पुलिया के आधे भाग के क्षतिग्रस्त होने से राशन लदे हुए बड़े ट्रक इस मार्ग से नहीं जा पाएंगे।

ग्राम पंचायत करदना, मैनपाठ के कदनाई सहित कई ग्रामों तक पहुंचविहीन हो जाएगा। करदना तक प्रतिदिन चलने वाले एकमात्र बस का आना-जाना भी अवरुद्ध हो गया है। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने और आगामी दिनों में भारी बारिश से पूर्णतया पुलिया के ध्वस्त होने का खतरा मंडरा रहा है। जिसके कारण आवागमन पूर्ण रूप से बाधित हो जाएगा। करदना सहित 4 से 5 गांव का आवागमन पूर्ण रूप से बतौली मुख्यालय की ओर बाधित हो जाएगा, जिससे बरसात की दृष्टि को मद्देनजर रखते हुए उन्हें काफी प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।

ज्ञात हो कि रोपाई के सीजन के लिए बतौली एवं अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में करदना से रोपाई हेतु मजदूर लाया जाता है, वहीं आवागमन बाधित होने से कहीं न कहीं किसानों की कृषि पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा। आने वाले दिनों में राशन, स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ेगा।

इस संबंध में प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना के संजय प्रसाद ने कहा कि पीडब्ल्यूडी के उच्चाधिकारियों को दो बार पत्र लिख कर भारी वाहन चलाने के बारे में बताया गया है। पीडब्ल्यूडी के द्वारा दो सडक़ का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमे भारी लोड लेकर हाइवा के चलने से दो पुलिये क्षतिग्रस्त हुए हैं। क्षतिग्रस्त पुलिया से सटाकर केबल लगाने का कार्य किया गया गया, जिससे पुलिया क्षतिग्रस्त हुआ है। सडक़ और पुलिया के सुधार के लिए टीम तत्काल भेजा जा रहा है।


अन्य पोस्ट