आचार संहिता के पहले निगम कार्यालय का कार्य शुरू करने महापौर ने दिए निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 4 अगस्त। शुक्रवार को नगर निगम एमआईसी की बैठक में अंबिकापुर नगर के सीमा से लगे कई गांवों को नगर तथा ग्राम निवेश में शामिल किए जाने के लिए प्रस्ताव लाया गया, जिसे सभी सदस्यों ने सर्व सहमति से स्वीकृति प्रदान की है। अब इन क्षेत्रों में ड्राइंग डिजाइन के हिसाब से सडक़, नक्शा स्वीकृति के साथ मकान बनवाना अनिवार्य हो जाएगा।
नगर तथा ग्राम निवेश में शामिल किये जाने हेतु प्रस्तावित ग्रामों के नाम करजी, दरिमा,खाला, बोडा बहरा, हर्राटिकरा, केशवरपुर, साड़बार, सैनिक स्कूल मेण्ड्राकला, सुंदरपुर,सोनपुर, असोला, सरगवा, सकालो, डिगमा, चठिरमा, कांतिप्रकाशपुर, मानिकप्रकाशपुर, जगदीशपुर, ठाकुरपुर, अमगांव सहित इसके अलावा चोरका कछार का कुछ हिस्सा, फुंडूडिहारी एवं सरगांवा पैलेस के कुछ क्षेत्र का शामिल करने स्वीकृति प्रदान की गई है।
बैठक में महापौर डॉ. अजय तिर्की ने निगम के अधिकारियों को आचार संहिता के पूर्व बबूपारा स्थित भूमि में नगर निगम कार्यालय का कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बैठक में सीएम घोषणा में सडक़ निर्माण,स्टेडियम का उन्नयन, पीजी कॉलेज का काम, अंबेडकर चौक का विकास कार्य, सुभाषनगर में अर्बन इंडस्ट्रियल पार्क, महामाया कॉरिडोर निर्माण, टर्मिनल भवन का रिनोवेशन, स्मार्ट हेल्थ, मिलेट्स कैफे के लिए लरंग साय चौक पटवारी कार्यालय के बगल में, आईजी बंगला के सामने स्थल देखने के बाद निर्णय लेने की बात कही गई।
बैठक में एमआईसी के सदस्यों ने मैरीन ड्राइव की चार दुकानों को नियमानुसार, सदस्यों ने री-टेंडर के लिए मांग की। समय पर फॉर्म नहीं मिलने व व्यवसाय से बाहर के लोगों को दुकान मिलने का आरोप लगाया।
बैठक में सदस्यों ने हमार क्लिनिक अर्बन चौपाटी के पास के प्लाट 12.7 मीटर का विभागीय एनओसी दी है। डामरीकरण पार्षदों द्वारा दिए गए कार्यों को बारिश समापत होने के बाद सीएम के निर्देश के अनुसार कार्य कराए जाने की सहमति बनी। एमआईसी सदस्य गीता रजक की मांग पर बारिश के बाद 15वें वित्त आयोग में नाला निर्माण का प्रस्ताव बनाए जाने निर्देशित किया गया।
एमआईसी की बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिषेक कुमार,नगर निगम एमआईसी द्वितेंद्र मिश्रा, शैलू सोनी, मेराज रंगरेज, विनोद एक्का, सहित अन्य सदस्य मौजूद थे। बैठक के पहले नव पदस्थ आयुक्त अभिषेक कुमार का महापौर डॉ. अजय तिर्की, सभापति अजय अग्रवाल सहित सभी सदस्यों ने गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया।