सरगुजा

कुएं में गिरा भालू, घंटों चला बचाव अभियान
03-Aug-2023 9:19 PM
कुएं में गिरा भालू, घंटों चला बचाव अभियान

  सीढ़ी से बाहर निकल जंगल की ओर भागा  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 3 अगस्त।
वन परिक्षेत्र उदयपुर अंतर्गत ग्राम घाटबर्रा के एक ग्रामीण के 30 फीट गहरे कुएं में तडक़े करीब चार बजे एक भालू गिरा गया। वन अमला ने 30 फीट लंबी सीढ़ी का निर्माण कर उसे कुएं के भीतर डाला और सुबह 10 बजे करीब अंतत: भालू सीढ़ी से कुएं से बाहर निकल कर सीधे जंगल की ओर चला गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।

घाटबर्रा के जगतू राम बैगा के कुएं में आज चार बजे के आसपास भालू गिर गया।  गिरने के बाद भालू तेज आवाज के साथ चिल्लाने लगा, तब आस पास के ग्रामीण सुबह देखने पहुंचे और वन विभाग की टीम को इसकी सूचना दी।

वन अमला वनपाल चंद्रभान सिंह और परमेश्वर सिंह के नेतृत्व में सुबह सात बजे से भालू के निकालने का प्रयास किया जाने लगा। इस दौरान भारी बारिश भी रेस्क्यू के काम में खलल डाल रही, परंतु वन अमला ने ग्रामीणों और वन प्रबंधन समिति के सदस्यों का सहयोग लेकर सबसे पहले भालू देखने वाले आसपास के लोगों को हटाया गया। फिर कुएं की गहराई की जानकारी कुएं मालिक से ली।

30 फीट लंबी सीढ़ी का निर्माण कर उसे कुएं के भीतर डाला गया और सुबह 10 बजे करीब अंतत: भालू का सफल रेस्क्यू किया गया। भालू कुएं से बाहर निकल कर सीधे जंगल की ओर चला गया। भालू के सफल रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों एवं वन अमला के लोगों ने राहत की सांस ली है।

ज्ञात हो कि उक्त वन परीक्षेत्र में लगातार हाथी एवं भालू का आना जाना लगा रहता है। भालू के हमले से कई लोग घायल भी हो जाते हैं। वन  अमला ग्रामीणों को सतर्क रहकर जंगलों की ओर जाने की सलाह दे रहे हैं।


अन्य पोस्ट