‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 दिसंबर। आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में चल रहे मेगा हेल्थ कैंप-2025 में शनिवार को एक ही दिन में रिकॉर्ड 17,526 मरीजों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का नि:शुल्क लाभ उठाया। इस महाशिविर में पंजीयन काउंटरों से लेकर जांच कक्षों तक भारी भीड़ देखने को मिली। इलाज के साथ-साथ मरीजों और उनके परिजनों के लिए फल, नाश्ता और पूरा भोजन पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
शिविर में नेत्र रोग, सुपर स्पेशलिटी, सर्जरी, हृदय रोग, मेडिसिन, श्वसन रोग, न्यूरोलॉजी, हड्डी रोग, पेट रोग, शिशु रोग, दंत, आयुर्वेदिक, होम्योपैथी, एक्यूप्रेशर, एक्यूपंक्चर सहित सभी प्रमुख विभागों में सेवाएं दी जा रही हैं। साथ ही एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईसीजी, इको, पैथोलॉजी, स्क्रीन डिटेक्टर, बीपी और शुगर जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं भी पूरी तरह नि:शुल्क हैं।
एक दिन में विभागवार 17,526 लाभार्थी
नेत्र रोग 752, सुपर स्पेशलिटी 121, सर्जरी 50, हृदय रोग 25, मेडिसिन 220, श्वसन रोग 40, न्यूरोलॉजी 65, हड्डी रोग 200, पेट रोग 150, एक्स-रे 277, सोनोग्राफी 330, ईसीजी 88, इको 10, आयुर्वेदिक 709, होम्योपैथी 600, एक्यूप्रेशर 325, पैथोलॉजी 941, डेंटल 450, नेत्रम 856, फिजियोथेरेपी 450, ब्लड डोनेट 17, शिशु रोग 202, जयपुर फुट 18, कृत्रिम यंत्र 6, श्रवण यंत्र 25, बैसाखी 12, ट्राइसाइकिल 1, व्हीलचेयर 12, वॉकर 5, बैटरी साइकिल 1, एम्स ओपीडी 320, एक्यूपंक्चर विभाग 82, स्क्रीन डिटेक्टर 72, बालाजी हॉस्पिटल 176, बीपी जांच 5300 और शुगर जांच 4337 — कुल 17,526।
कुरूद विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर शनिवार को शिविर पहुंचे और आयोजक एवं रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के साथ विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान श्री चंद्राकर ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर नि:शुल्क इलाज, आधुनिक जांच, दवाइयों के साथ भोजन की व्यवस्था करना एक असाधारण और अनुकरणीय पहल है।