रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 दिसंबर। टिकरापारा और डीडी नगर इलाके में आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक टिकरापारा स्थित श्रीराम चौक यादव मोहल्ला स्थित एक खपरैल मकान में किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी। महादेव घाट, डीडी नगर निवासी चंद्रशेखर देवदास ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी दादी स्व. लक्ष्मी देवदास का खपरैल मकान सत बहनिया माता मंदिर के पास स्थित है। 17 दिसंबर दोपहर करीब 1.30 बजे आग जनी हुई। चंद्रशेखर ने सौतेले भाई संजय देवदास पर मकान में आग लगाने का दारोप लगाया है।
इस आग जनी में घर में रखा पलंग, कपड़े, अलमारी, लकड़ी का सामान एवं बांस-बल्ली पूरी तरह जल गए। जिससे लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी संजय देवदास के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
दूसरी घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा स्थित गणपति विहार कॉलोनी फेस-1 के पास की है। एक गृहणी ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि उसके पति द्वारा जीविकोपार्जन के लिए संचालित चाय-नाश्ते की दुकान को किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी। 20 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच दुकान जली हुई पाई गई, जिसमें रखा गुटखा, चिप्स, कुरकुरे व अन्य सामान जल गया। इस घटना से उसे 12 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
पीडि़ता ने संदेह जताया है कि पूर्व में जेठ के बेटे संदेश शर्मा द्वारा गाली-गलौज, जान से मारने एवं दुकान जलाने की धमकी दी गई थी। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच जारी है।पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। टिकरापारा मामले में आरोपी चिन्हांकित है, जबकि चंगोराभाठा की घटना में संदिग्ध की भूमिका की जांच की जा रही है।