पुलिस ने साइबर अपराध से बचाव व कानून का पालन करने दिया संदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अगस्त। मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिले के खडग़ांव पुलिस ने अनूठी पहल करते 300 से अधिक विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, नवीन कानूनों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की जानकारी दी गई।
सामुदायिक पुलिसिंग के तहत थाना खडग़ांव का जागरूकता अभियान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव एवं कानून पालन का संदेश दिया। जिसमें संदिग्ध विदेशी नागरिक, बांग्लादेशी अथवा रोहिंग्या की सूचना टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर देने थाना खडग़ांव पुलिस ने आमजन से की अपील।
मिली जानकारी के अनुसार मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह के निर्देशन, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी खडग़ांव निरीक्षक सुशील त्रिपाठी के नेतृत्व में 01 अगस्त को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम एवं हिन्दी मीडियम विद्यालय खडग़ांव में सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत एक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं 20 से अधिक शिक्षकों तथा विद्यालयीन स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता, साइबर सुरक्षाए यातायात नियमों के पालन तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना था।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व, राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों तथा उनके आदर्शों की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को उनके कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने वाले व्यक्तित्व से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम, यातायात नियमों तथा वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, यूपीआई फ्रॉड एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।
साथ ही राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं आपातकालीन सेवा 112 के संबंध में विस्तार से जानकारी देते किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने हेतु प्रेरित किया गया।