राजनांदगांव

पहले तिमाही में आबकारी महकमे की कमाई में उछाल
03-Aug-2026 2:54 PM
पहले तिमाही में आबकारी महकमे  की कमाई में उछाल

बीते वर्ष इसी अवधि में थी 119 करोड़ की आय, इस साल 133 करोड़ का हुआ कारोबार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 3 अगस्त। जिला आबकारी महकमे की कमाई में दिन-ब-दिन उछाल आ रहा है। चालू वित्तीय वर्ष में तीन माह की अवधि में महकमे की कमाई में अप्रत्याशित तौर पर इजाफा हुआ है। गुजरे साल अप्रैल-जून तक आबकारी विभाग ने 119 करोड़ रुपए की कमाई की थी। इस साल तीन माह में 133 करोड़ रुपए की आय अर्जित की है। इस तरह बीते वर्ष के तीन माह की अवधि की तुलना में इस साल 12 फीसदी ज्यादा का कारोबार हुआ है।

बताया जा रहा है कि राज्य सरकार ने राजनांदगांव आबकारी अमले को 2026-27 की वित्तीय वर्ष के लिए 476 करोड़ रुपए का कारोबार करने का लक्ष्य दिया है। राज्य सरकार रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और बलौदाबाजार के बाद राजनांदगांव को सर्वाधिक आय अर्जित करने वाला जिले की श्रेणी में रखी हुई है। यही कारण है कि राजनांदगांव जिले से आय जुटाने के लिए अफसरों पर दबाव भी बढ़ा है।

बताया जा रहा है कि राज्य सरकार के निर्धारित लक्ष्य को महकमे ने लगभग पार कर दिया था। जिले में शुरूआती तीन माह में हुए कारोबार के बाद महकमे के आला अफसरों को उम्मीद है कि शासन के लक्ष्य को आसानी से पूरा किया जा सकता है। इस बीच जिला आबकारी अधिकारी राजेश शर्मा ने मैदानी अमले को बिना किसी अवैध शराब का कारोबार किए नियमत: प्रशासनिक कार्य के अधीन लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

अप्रैल से जून तक जिस तरह से आबकारी विभाग ने व्यवसायिक तौर पर कार्य किया है, उससे उम्मीद है कि निर्धारित लक्ष्य को तय समय से पहले पूरा किया जा सकता है। उधर त्यौहारी सीजन में शराब की खपत बढऩे से कारोबार में भी उछाल आने की उम्मीद है। अगस्त से अक्टूबर तक त्यौहारों की लंबी फेहरिस्त है। इस दौरान शराब के शौकीन लोगों का आबकारी दुकानों में जमघट रहता है। यानी जिला आबकारी महकमा अगले 4 महीने में डेढ़ से 200 करोड़ रुपए का व्यवसाय करने के इरादे से काम कर रहा है।

सीमित स्टॉफ और संसाधन की कमी

आबकारी महकमा सीमित स्टॉफ और संसाधन की कमी से जूझ रहा है। मैदानी अमले की कमी से आला अफसरों को शासन के लक्ष्य को पूरा करने में  व्यवहारिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव जिले में आबकारी आरक्षक के 40 पद स्वीकृत हैं। इसके एवज में सिर्फ 13 आबकारी सिपाही मैदान में कार्यरत हैं। इसके अलावा उप निरीक्षकों की भी भारी संकट है। 09 आबकारी उप निरीक्षक के पद विरूद्ध सिर्फ 3 कार्यरत है। कार्यालयीन कामकाज के लिए लिपिकों की भी कमी है।

 बताया जा रहा है कि राज्य सरकार को पदों की कमी और संसाधन के अभाव से बार-बार अवगत कराया जा रहा है। अफसरों का कहना है कि पर्याप्त संख्या में स्टॉफ होने की स्थिति में विभाग की आय में इजाफा होगा। स्टॉफ और संसाधन की कमी  की चुनौती के बीच मैदानी अमला पूरी निष्ठा के साथ काम कर रहा है। मैदानी अमले और आला अफसरों के सक्रिय रहने के चलते ही शासन से मिला राजस्व लक्ष्य पूरा होता है।


अन्य पोस्ट