कांग्रेस ने घेरा पशुपालन विभाग, दिया अल्टीमेटम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 सितंबर। लगातार सडक़ हादसे में हो रही गोवंश की मौत को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को पशुपालन विभाग का घेराव कर अल्टीमेटम दिया है।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार की अगुवाई में हुए प्रदर्शन में कांग्रेसियों ने इन मौतों का जिम्मेदार पशुपालन विभाग व जिला प्रशासन को ठहराया। अल्टीमेटम दिया गया कि अगर सात दिनों के भीतर ये व्यवस्था नहीं सुधारी गई, घुमंतू मवेशियों को सडक़ से हटाकर सुरक्षित स्थान पर नहीं रखा गया तो जिम्मेदार अधिकारियों के दफ्तर में गोधन छोड़े जाएंगे। श्री मुदलियार ने कहा कि गोमाता को सडक़ों पर मरने छोड़ दिया जा रहा है। जिससे जान-माल खतरे में है और गोवंश की हानि हो रही है।
बुधवार दोपहर 4 बजे शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने पशुपालन विभाग का घेराव किया। नारेबाजी करते नेताओं ने जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब देने की मांग की। श्री मुदलियार ने कहा कि कांग्रेस ने जिले में 300 से अधिक गौठान बनाए थे, ताकि गोवंश को सुरक्षित रखा जा सके। भाजपा सरकार में एक भी गौठान दोबारा शुरू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके जिम्मेदार पशुपालन विभाग है। विभाग की जवाबदारी है कि वह निगम और दूसरी संस्थाओं से समन्वय बनाकर मवेशियों को सडक़ से हटाकर अनुदान वाली गोशालाओं में ले जाकर रखे, लेकिन उन मवेशियों को सिर्फ रेडियम बेल्ट पहनाकर दोबारा सडक़ों पर मरने के लिए छोड़ दिया जा रहा है, यह समस्या का समाधान नहीं है, जो गोवंश घायल हो रही है, वहां समय पर उपचार भी नहीं पहुंच पा रहा।
शहर अध्यक्ष मुदलियार ने कहा कि जिले में कई गोशाला हैं, जहां बेसहारा मवेशियों को रखा जा सकता है। इन गोशालाओं को तो सरकार से अनुदान भी मिल रहा है, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। गोशाला के लिए आबंटित जमीनों पर कांप्लेक्स तान दिए गए हैं। यहां सिर्फ दूध देने वाली ही गायों को रखा जाने लगा है। गोशालाओं का भी व्यवसायीकरण कर दिया गया है, यह चिंतनीय है। विभाग को जिले की सभी गोशालाओं का भौतिक सत्यापन करना चाहिए और यहां भी बेसहारा मवेशियों के लिए जगह बनाई जानी चाहिए।
इस दौरान मेहुल मारू, कमलजीत सिंह पिंटू, रूपेश दुबे, शारदा तिवारी, इकरामुद्दीन सोलंकी, रूबी गरचा, सूर्यकांत जैन, प्रेम रूचंदानी, मनीष गौतम, चेतन भानुशाली, महेश साहू सहित अन्य उपस्थित थे।