राजनांदगांव

4 हजार लीटर नकली डीजल, कारोबारी फरार
03-Sep-2026 7:08 PM
4 हजार लीटर नकली डीजल, कारोबारी फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 3 सितंबर। चिचोला इलाके के लालबहादुर नगर के एक मकान से पुलिस ने 4 हजार लीटर कथित नकली डीजल की एक खेप जब्त की है। पुलिस का कहना है कि डीजल की जांच कराई जा रही है। वहीं आरोपी पुलिस कार्रवाई के बाद फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि जुम्मन नामक एक व्यक्ति की संलिप्तता का शक है। फिलहाल वह फरार है।

मिली जानकारी के मुताबिक लाल बहादुर नगर के एक मकान में नकली डीजल डंप होने की सूचना के आधार पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। पुलिस ने मकान से कार्रवाई के दौरान लगभग 4 हजार लीटर  नकली डीजल जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक उक्त मकान को जुम्मन नामक व्यक्ति ने किराये में लिया था। पुलिस उक्त व्यक्ति पर उसके पूर्व आपराधिक रिकार्ड के आधार पर जब्त डीजल को डंप करने का आरोप लगा रही है।

पुलिस ने जब्त माल को लैब जांच के लिए भेज दिया है। इस संबंध में चिचोला पुलिस चौकी प्रभारी योगेश पटेल ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि छापामार कार्रवाई में अवैध डीजल की भारी मात्रा जब्त की गई है। पुलिस को जुम्मन नामक व्यक्ति पर शक है। फिलहाल वह पुलिस कार्रवाई के बाद फरार हो गया है। इधर नेशनल हाईवे में अवैध तरीके से बढ़ते कारोबार को माफियाओं ने कथित रूप से अपने कब्जे में रखा है। बागनदी के इर्द-गिर्द भी नकली डीजल खपाने के मामले में पुलिस की समय-समय पर कार्रवाई होती रही है। इसके बावजूद बेखौफ होकर कारोबारी नकली डीजल के व्यवसाय कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट