सावन के तीसरे सोमवार को कांवडिय़ों पर पुष्पवर्षा, जगह-जगह स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 अगस्त। सावन महीने के तीसरे सोमवार को शहर में शिवभक्तों का हौसला अफजाई करने के लिए स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने डमरू बजाकर अपनी आस्था जाहिर की, वहीं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने मंजीरा बजाकर भोलेनाथ के भक्तों का उत्साहवर्धन किया। स्पीकर डॉ. सिंह ने कांवडिय़ों के जत्थे पर पुष्पवर्षा की।
स्थानीय नंदई चौक में शिवनाथ नदी से जल लेकर पहुंचे कांवडिय़ों के साथ स्पीकर और पूर्व सांसद ने डमरू और मंजीरा बजाकर सभी का हौसला बढ़ाया। इसके बाद कांवडिय़ोंं पर पुष्पवर्षा की गई। शिवनाथ नदी से सैकड़ों की तादाद में अलग-अलग जत्थे में बोलबम की जयघोष के साथ सडक़ में कदमताल करते नजर आए। कांवडिय़ों के स्वागत सत्कार में जुटे समितियों ने जलपान की भी व्यवस्था की थी।
पुष्पवर्षा करने वाले लोगों ने कांवडिय़ों के जोश को देखकर जयघोष किया। इसके बाद डॉ. सिंह और अन्य लोगों ने कांवडिय़ों के बीच मौजूद रहकर कुछ देर तक भजन-कीर्तन भी किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा, जिलाध्यक्ष रमेश पटेल, राधेश्याम गुप्ता, कचरू शर्मा, तरूण लहरवानी, पार्षद मधु बैद समेत अन्य लोग शामिल थे।
.jpg)
मंदिरों में सुबह से उमड़ी रही भक्तों की भीड़
सावन मास के तीसरे सोमवार को शहर के शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ी, वहीं बाजार में पूजन सामग्रियों की खरीदी-बिक्री के लिए अच्छी ग्राहकी रही। भगवान शिव को अर्पित किए जाने वाले पूजन सामग्रियों में बेलपत्री, धतुरा, कनेर फूल और अन्य सामग्रियों की खरीदी के लिए महिलाओं के अलावा युवक-युवतियां भी पहुंचे। आज सुबह शिवालयों में जल अर्पित करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। जलाभिषेक करने वालों में उम्रदराज महिलाएं, पुरूष और युवा वर्ग भी शामिल थे।
इधर, शहर के मोहारा नदी तट स्थित शिव मंदिर समेत शहर के अलग-अलग हिस्सों के शिव मंदिरों में सुबह से ही घंटियों और बोलबम के जयघोष सुनाई दिए।
इधर, सुबह से ही श्रद्धालु कांवड़ लेकर शिवनाथ नदी का जल लेकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की मंगलकामना की। इधर सुबह से ही भगवान महादेव की आरती और जयघोष से मंदिर के आसपास का वातावरण भक्तिमय नजर आया।

पूर्व महापौर डाकलिया ने कांवडिय़ों का अभिनंदन
पूर्व महापौर नरेश डाकलिया ने भी आज कांवडिय़ों का अभिनंदन किया। नंदई चौक में पहुंचे कांवडिय़ों का स्वागत करते हुए सावन मास की सभी को शुभकामनाएं दी। डाकलिया ने कांवडिय़ोंं के जत्थे में शामिल युवाओं का हौसला बढ़ाया। बोलबम के जयघोष करते जैसे ही जत्था नंदई चौक में पहुंचा, डाकलिया ने अपने साथियों संग उनका स्वागत-अभिनंदन किया।