राजनांदगांव

भोथली-तोतलभर्री में समस्याओं का महापौर ने किया निराकरण
25-Nov-2026 3:43 PM
भोथली-तोतलभर्री में समस्याओं का महापौर ने किया निराकरण

शाला भवन की मांग लेकर पहुंचे ग्रामीण, महापौर ने किया समधान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 नवंबर।
महापौर मधुसूदन यादव ने मंगलवार को मोतीपुर स्थित अपने निज निवास पर डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम तोतलभर्री एवं भोथली से पहुंचे जनप्रतिनिधियां एवं ग्रामवासियोंं के समस्या का समाधान किया। उक्त दोनों ग्रामों में शाला भवन निर्माण की मांग को लेकर ग्रामवासियों ने शासन- प्रशासन का ध्यानाकर्षित करने के उद्देश्य से सार्वजिक रूप से चक्काजाम व धरना प्रदर्शन का मन बना लिया था। जिसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से महापौर मधुसूदन यादव को प्राप्त हुई। उन्होंने प्रकरण पर तत्परता से संज्ञान लेते ग्राम भोथली एवं तोतलभर्री के ग्रामवासियों को वार्ता के लिए प्रात: अपने घर पर आमंत्रित किया था।
महापौर के निवास पर चर्चा करने ग्राम भोथली से पहुंचे प्रतिनिधि मंडल में मुख्यत: भोजराज वर्मा, कालेश्वर साहू, अजय मेश्राम, मनोज निषाद गीतू कँवर, राजेंद्र यादव, सीताराम साहू, गोविन्द साहू, बेनुराम पुर्राम, संतोष यादव, रमेश बैगा, राजेश तिवारी, रामसिंग ठाकुर उपस्थित रहे। जिन्होंने महापौर को अवगत कराया कि शा. पूर्व मा. शाला भोथली का भवन अत्यंत जर्जर हो गया है एवं बारिश के मौसम में यहॉ स्थिति और भी अधिक गंभीर हो जाती है। पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन के समय से ग्रामवासियों द्वारा मिडिल स्कूल भोथली के जीर्णोद्धार एवं नवनिर्माण हेतु शासन-प्रशासन का ध्यानाकृष्ट कराया जा रहा है, किन्तु आज पर्यन्त कोई समाधानकारक हल नहीं निकला है। जिससे विवश होकर ग्रामवासियों ने अपने स्तर पर बैठक पश्चात् सार्वजनिक रूप से धरना देने एवं चक्काजाम करने का निर्णय लिया है।
विचार-विमर्श कर
किया समाधान
इसी प्रकार ग्राम पंचायत तोतलभर्री से पहुंचे प्रतिनिधि मंडल में शामिल जैन कुमार मेश्राम, अनिल सिन्हा, तेजराम छेदइया, कन्हैया मंडावी, गंगूराम मंडावी, दुर्गेश वर्मा, रामाधार, चंद्रकुमार वर्मा, द्विवेदी मरकाम, प्यारी मंडावी, बहादुर नेताम ने प्राथमिक शाला भवन निर्माण की मांग को लेकर महापौर से चर्चा की ।  उन्होंने महापौर को अवगत कराया कि ग्राम तोतलभर्री स्थित शा. प्रा.  शाला भवन को अत्यंत जर्जर एवं अनुपयोगी होने की वजह से ध्वस्त कर दिया गया है, किन्तु नए प्राथमिक शाला भवन निर्माण हेतु कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वर्तमान में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत ग्रामवासियों द्वारा सामाजिक भवन के एक कमरे में शा. प्रा. शाला का संचालन किया जा रहा है और नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण की मांग को लेकर ग्रामवासियों द्वारा 25 नवंबर को चक्काजाम एवं धरनाप्रदर्शन करने की तैयारी है। ग्राम तोतलभर्री में शिक्षकों की कमी दूर करने  ग्रामवासियों ने महापौर से आग्रह किया। स्कूली बच्चों की शिक्षा से संबंधित दोनों मामले की गंभीरता को समझते  महापौर मधुसूदन यादव ने तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी राजनांदगांव प्रवास बघेल को अपने घर पर बुलवाकर ग्रामवासियों की मौजूदगी में उनसे विचार-विमर्श के उपरान्त, समस्याओं के त्वरित निदान हेतु यथोचित आवश्यक  कार्रवाई के निर्देश दिए।
 ग्रामीणों ने सहमति देकर की आंदोलन स्थगित
महापौर ने विभागीय अधिकारियों से चर्चा उपरान्त पूर्व माध्यमिक शाला तोतलभर्री तथा शासकीय प्राथमिक शाला भोथली हेतु प्रत्येक शाला में चार-चार  अतिरिक्त कक्ष निर्माण का आश्वासन दिया। जिसमें से 2 कक्ष डीएमएफ मद से  और 2 कक्ष व्हीबी जी-राम-जी  के तहत निर्माण हेतु आश्वासन दिया। श्री यादव ने ग्राम तोतलभर्री में एक अतिरिक्त ट्यूटर की व्यवस्था हेतु भी जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है। तत्पश्चात महापौर ने ग्राम भोथली एवं तोतलभर्री के उपस्थित प्रतिनिधि मंडल को भी समझाईश देकर अपना प्रस्तावित धरना प्रदर्शन स्थगित करने की बात कही। महापौर के त्वरित कार्रवाई से संतुष्ट होकर दोनों  प्रतिनिधि मंडल ने प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित रखने की बात पर सहमति व्यक्त की है।


अन्य पोस्ट