पुलिस गाड़ी को टक्कर मारने का भी आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 22 सितंबर। रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत कार्रवाई करते हुए ग्राम सरवानी मेन रोड पर तीन पिकअप वाहनों से 6 मवेशियों को जब्त कर 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन पिकअप वाहनों में मवेशियों को ग्राम सरवानी से रायगढ़ के रास्ते झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में ग्राम सरवानी-कुलबा मार्ग पर नाकेबंदी की गई।
प्रात: लगभग 5 बजे पुलिस ने तीन संदिग्ध पिकअप वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, वाहन चालकों ने नाकेबंदी तोडक़र भागने का प्रयास किया, जिससे शासकीय पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुआ। इसके बाद पुलिस टीम ने वाहनों को रोककर तलाशी ली।
प्रथम वाहन (जेएच-05-सीआर-0840) से 2 मवेशी बरामद। वाहन चालक नकुल साहू एवं शिवा कुमार साहू (दोनों निवासी गुमला, झारखंड) गिरफ्तार।
द्वितीय वाहन (जेएच-01-जीसी-5199) से 1 मवेशी बरामद। वाहन चालक आदित्य महतो (22 वर्ष, निवासी गुमला, झारखंड) एवं रूपेश लहरे (निवासी लोहरदगा, झारखंड) गिरफ्तार।
तृतीय वाहन (ओडी-17-जी-9320)से 2 मवेशी बरामद। वाहन चालक राम महतो (निवासी लोहरदगा, झारखंड) एवं राजू सतनामी (निवासी सरवानी, रायगढ़) गिरफ्तार।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मवेशियों को झारखंड ले जाने की बात स्वीकार की। साथ ही एक अन्य संदिग्ध (ललित, निवासी सरवानी) के मौके से फरार होने की जानकारी दी, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने जब्त 6 मवेशियों (अनुमानित मूल्य 2,50,000) तथा तीनों पिकअप वाहनों (अनुमानित मूल्य 15,00,000) सहित कुल 17,50,000 की संपत्ति जब्त की है।
शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिस दल पर वाहन चढ़ाने के प्रयास और अवैध पशु परिवहन के तहत थाना कोतरारोड़ में बीएनएस की धारा 281, 221, 132, 109(1), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4 व 6, तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि मवेशियों की अवैध तस्करी रोकने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा और गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।