बुजुर्गों को पालिका लाने ले जाने चलेगी महतारी एक्सप्रेस नपा अध्यक्ष ने पेश किया 94 करोड़ के शहर विकास का बजट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11अप्रैल। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता में कल परिषद की बैठक के दौरान पालिका के वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया गया। पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने अनुमानित राशि 93 करोड़ 76 लाख 81 हज़ार का बजट प्रस्तुत करते हुए नागरिक सुविधाओं पर विशेष फोकस किया है। पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने साफ संकेत दिया है कि महासमुंद नगर पालिका शहर की जनता की सुविधाओं और विकास पर केंद्रित होकर काम करेगा।
जिन योजनाओं पर अमल किया जा सकता है, उन प्रमुख विषयों को प्राथमिकता दी गई है। कल के बजट में नगर के तीनों मुक्तिधामों में शवदाह हेतु नि:शुल्क लकड़ी एवं कंडे की व्यवस्था, नगर के विभिन्न विकास कार्यों को प्राथमिकता, नगर में पशुओं की सेवा हेतु पालिका द्वारा नि:शुल्क गौ सेवा रथ वाहन प्रारंभ करने, शहर के बुजुर्गों को पालिका कार्यालय तक आवागमन हेतु महतारी एक्सप्रेस की व्यवस्था, विठोबा टॉकीज के सामने माकड़े दुकान के पास भव्य महामाया प्रवेश द्वार निर्माण, संजय कानन के सामने व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण, कांग्रेस भवन के बाजू पुराना पानी टंकी के पास व्यावसायिक कॉम्लेक्स निर्माण, पालिका दफ्तर में नागरिक सुविधा केंद्र, राजस्व भवन निर्माण, गुरु गोविंद सिंह उद्यान का उन्नयन एवं उद्यान में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापना, पालिका कार्यालय में ई ऑफिस की व्यवस्था, सुभाष नगर व पीटियाझर बस्तियों के मध्य मुक्तिधाम निर्माण, नयापारा के सभी स्लम एरिया में ट्यूबलर पोल एवं प्रकाश व्यवस्था आदि सहित कुल 19 बड़े कार्यों के लिए 93 करोड़ 76 लाख 81 हज़ार रुपए का अनुमानित बजट पेश किया गया है।
इस अवसर पर नपाध्यक्ष श्री साहू सहित नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, सभापति ज्योति रिंकू चंद्राकर, जय कुमार देवांगन, जितेंद्र देवनारायण ध्रुव, पार्षद राहुल आवड़े, सीता टोंडेकर, विकी मुस्ताक खान,जरीना हाफिज कुरैशी, धनेंद्र विक्की चंद्राकर, कल्पना सूर्यवंशी, नीरज चंद्राकर, बड़े मुन्ना देवार,चंद्रशेखर बेलदार, भारती चंद्राकर, पवन पटेल, भाऊ राम साहू, पीयूष अमृत साहू,शुभ्रा मनीष शर्मा, धनेश्वरी सोनाधार सोनवानी, महेंद्र जैन, हाफिज कुरैशी सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।