महासमुन्द
नवकिरण अकादमी महासमुंद कॅरियर गाइडेंस सह सेमिनार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 अप्रैल। नवकिरण अकादमी महासमुंद में10 अप्रैल को कॅरियर गाइडेंस सह सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नवचयनित आईएएस अधिकारी संजय कुमार डहरिया मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित हुए। अपने उद्बोधन में श्री डहरिया ने नवकिरण अकादमी एवं जिला ग्रंथालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए समय प्रबंधन अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अभ्यर्थियों को प्रतिदिन समाचार पत्र पढऩे की सलाह दी। जिससे करेंट अफेयर्स की जानकारी सुदृढ़ हो सके। साथ ही उन्होंने यूपीएससी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा की रणनीति के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि यदि मुख्य परीक्षा की तैयारी पहले से की जाए तो प्रारंभिक परीक्षा अपेक्षाकृत आसान हो जाती है। उन्होंने मुख्य परीक्षा के दौरान आने वाली चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला तथा पढ़ाई में आने वाली समस्याओं के समाधान के उपाय बताए। उनके मार्गदर्शन से अभ्यर्थी काफी प्रेरित हुए और अनेक छात्रों ने उनसे प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम में सहायक वक्ता के रूप में सुरेंद्र मानिकपुरी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्था का प्रतिवेदन जिला समन्वयक डी. बसंत साव द्वारा प्रस्तुत किया गया। जिसमें नवकिरण अकादमी की उपलब्धियों को साझा किया गया। उन्होंने बताया कि अल्प समय में 139 विद्यार्थियों का विभिन्न पदों पर चयन होना नवकिरण अकादमी एवं जिला ग्रंथालय की बड़ी सफलता है।
नवकिरण अकादमी जिले में सफलता का पर्याय बनती जा रही है। विशेष रूप से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभागियों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। अब उन्हें अध्ययन सामग्री के लिए रायपुर या बिलासपुर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
उन्होंने कहा कि ई.लाइब्रेरी एवं इंटरनेट की सुविधा भी विद्यार्थियों के अध्ययन में सहायक सिद्ध हो रही है। अकादमी के ग्रंथालय में लगभग 10 हजार से अधिक पुस्तकें उपलब्ध हैं। साथ ही मासिक पत्र-पत्रिकाएं एवं दैनिक समाचार पत्र हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम में उपलब्ध हैं, जिसका लाभ पाठकों को मिल रहा है।
कार्यक्रम के अंत में संस्था द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विषय विशेषज्ञ चंद्रशेखर साहू, हरिशंकर पटेल, सौरभ जैन, राजदीप साहू, देवेंद्र निषाद, गायत्री चंद्राकर, ग्रंथपाल यश चक्रधारी, भागवत पटेल, विवेक चंद्राकर, परस कुमार,रितेश नायक, सौरभ सोनवानी, टकेश साहू सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित थे।


