महासमुन्द
महासमुंद,10अप्रैल। कोतवाली थाना क्षेत्र के खरोरा में कल एक सडक़ हादसे में बुजुर्ग की जान चली गई। तेज रफ्तार और लापरवाही का शिकार हुए बुजुर्ग अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी काल बनकर आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार खरोरा निवासी रामानंद विश्वकर्मा किसी काम से साराडीह की ओर गए थे। दोपहर के समय वे अपनी बाइक क्रमांक सीजी 06 ए 8534 पर सवार होकर वापस अपने कर ग्राम खरोरा लौट रहे थे। जैसे ही वे खरौरा स्थित साईं मंदिर के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। रामानंद विश्वकर्मा सडक़ पर दूर जा गिरे। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई। लेकिन चोटें अधिक होने के कारण उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।