महासमुन्द

मैं जिंदा हूं साहब...कागजों में मृत घोषित वृद्धा की गुहार
11-Apr-2026 4:05 PM
मैं जिंदा हूं साहब...कागजों में मृत घोषित वृद्धा की गुहार

कलेक्टर ने तुरंत कराया समाधान शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 11 अप्रैल। सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित की गई 75 वर्षीय वृद्धा कमला बाई आखिरकार अपनी समस्या लेकर कलेक्टर के पास पहुंची। भावुक होकर उन्होंने कहा, मैं जिंदा हूं साहब, आपके सामने खड़ी हूं, लेकिन बैंक कहता है मैं मर चुकी हूं।

बीते छह महीनों से पेंशन और राशन बंद होने के कारण परेशान वृद्धा दफ्तर-दफ्तर भटक रही थी। जानकारी के अनुसार, आधार कार्ड अपडेट नहीं होने के चलते बैंक रिकॉर्ड में उन्हें मृत मान लिया गया, जिसके कारण उनकी सभी सरकारी सुविधाएं बंद हो गईं।

कमला बाई ने बताया कि उनके चारों बेटों का निधन हो चुका है और वे निराश्रित हैं। जीवनयापन के लिए वृद्धावस्था पेंशन ही एकमात्र सहारा था। पेंशन बंद होने के बाद वे कई बार बैंक और सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटती रहीं, लेकिन हर जगह उन्हें ‘मृत’ बताकर वापस लौटा दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर विनय लंगेह ने तुरंत हस्तक्षेप किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टोरेट में तत्काल कार्रवाई शुरू हुई और वृद्धा का आधार कार्ड अपडेट करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। कुछ ही घंटों में आवश्यक कार्यवाही पूरी कर ली गई, जिससे जल्द ही उनकी पेंशन और अन्य सुविधाएं बहाल होने की उम्मीद है।

अधिकारियों के अनुसार, आधार अपडेट नहीं होने के कारण यह तकनीकी त्रुटि हुई थी। अब आधार अपडेट होने के बाद संबंधित लाभ पुन: शुरू कर दिए जाएंगे।

इस पूरे घटनाक्रम ने सरकारी तंत्र की जमीनी स्तर पर मौजूद खामियों को उजागर किया है, जहां एक जीवित व्यक्ति को कागजों में मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, कलेक्टर के त्वरित हस्तक्षेप से पीडि़त वृद्धा को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

कमला बाई ने कलेक्टर से मुलाकात के बाद राहत की सांस लेते हुए कहा कि अब उन्हें भरोसा है कि उनकी समस्या का समाधान हो जाएगा।


अन्य पोस्ट