डॉ. चोपड़ा समेत 97 भाजपाई गिरफ्तार, एसडीएम की मौजूदगी में नि:शर्त मुचलके पर रिहा
25 हजार टन यूरिया के वितरण का लक्ष्य: जिले में किसानों को मिले सिर्फ 7633 टन-विभाग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 फरवरी। शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने किसानों को यूरिया और अन्य रासायनिक खाद की परेशानी को लेकर झलप के एनएच.53 में चक्काजाम कर दिया। हालांकि बड़ी संख्या में मौजूद पुलिस बल ने कुछ ही देर में सभी प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया। इस दौरान 97 भाजपा पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया गया और कुछ देर बाद एसडीएम की मौजूदगी में नि:शर्त मुचलके पर सभी को रिहा कर दिया गया।
चक्काजाम में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव,जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चैधारी,जिला प्रभारी जगन्नाथ पाणीग्रही,पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा, पूर्व मंत्री पूनम चंद्राकर, त्रिलोचन पटेल, प्रेम शंकर पटेल सहित अन्य पदाघिकारी एकत्रित थे। यहां चक्काजाम कर सभी मुख्य सडक़ में बैठ गए। सभी को सडक़ से हटाने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। करीब आधे घंटे तक एनएच.53 में यातायात व्यवस्था बाधित रही।
जानकारी के अनुसार भाजपाईयों का धरना दोपहर एक बजे से प्रारंभ हुआ। घरनास्थल पर पहले से ही डटे पुलिस जवानों ने भाजपा नेताओं को सडक़ पर बैठते ही सडक़ से उठा लिया। पुलिस ने भाजपा के 97 कार्यकर्ताओं को प्रतिबंधात्मक धारा के तहत गिरफ्तार किया। इन्हें स्कूल परिसर के अस्थाई जेल में रखा, जहां सभी को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। धरना में वक्ताओं ने सरकार को जमकर कोसा। प्रदेश सरकार पर यूरिया की कालाबाजारी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
आयोजित सभा को संबोधित करते हुए संजय श्रीवास्तव, रूपकुमारी चौधरी, डा. विमल चोपड़ा ने कहा कि कांग्रेस सरकार में खाद और यूरिया की कालाबाजारी हो रही है। इसे लेकर किसान परेशान हैं।
राज्य सरकार की कमीशनखोरी के कारण व्यापारियों को तो यूरिया पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराया गया। लेकिन सोसाइटियों को बहुत कम मात्रा में यूरिया दिया गया। इसके चलते किसानों को मजबूरी में 250 का यूरिया 800 से 1000 रुपए तक लेना पड़ रहा है। राज्य सरकार को मांग से 20 प्रतिशत ज्यादा उर्वरक देने के बावजूद यूरिया उपलब्ध न कराना संदेहास्पद है।
ज्ञात हो कि महासमुंद जिले के किसान यूरिया और अन्य खाद की कमी को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। किसान खाद देने की मांग को लेकर अधिकारियों से लगातार गुहार लगा रहे हैं। बावजूद इसके किसानों तक खाद नहीं पहुंच रहा है। रबी सीजन में यूरिया और खाद की किल्लत को लेकर किसानों का प्रदर्शन जारी है। महासमुंद जिले में इस समस्या को लेकर पिछले 4 दिनों में दो बार बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जा चुका है। महज 4 दिन पहले ही 22 फरवरी को बसना के सिंघनपुर में किसानों ने सभा का आयोजन किया और तब मौके पर कलेक्टर,ए एसपी और एसडीएम की समझाईश के लिए पहुंचना पड़ा था।
कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार महासमुंद जिले में रबी सीजन में 25.200 मिट्रिक टन यूरिया वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। लेकिन इसमें से मात्र 9280 मिट्रिक टन यूरिया का भंडारण हो पाया। इस भंडारित यूरिया के एवज में अब तक किसानों को केवल 7633 मिट्रिक टन यूरिया का वितरण किया जा सका है। इसी प्रकार रबी सीजन में जिले के किसानों को 6000 मिट्रिक टन वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके एवज में 3934 मिट्रिट टन डीएपी का भंडारण हुआ और 2535 मिट्रिक टन का वितरण हुआ है।