महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 फरवरी । महाविद्यालयों में आंतरिक प्री फाइनल परीक्षा शुरू हो गई है। प्रत्येक महाविद्यालय अपनी-अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा ले रहे हैं। इसी क्रम में माता कर्मा कन्या महाविद्यालय में भी परीक्षा तीन पाली में शुरू हो गई है। पहली पाली में साइंस, दूसरी पाली में कामर्स व तीसरी पाली में कला की छात्राएं परीक्षा दे रही हैं। परीक्षा तीन-तीन घंटे की है। मालूम हो कि इस परीक्षा के आयोजन का मुख्य उद्देश्य केवल विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाना व परीक्षा देने की विधि से अवगत कराना है। कोविड की वजह से पिछले दो सालों से ऑनलाइन परीक्षा आयोजित हो रही है। इस बार संक्रमण कम होने के कारण विवि ने ऑफलाइन परीक्षा लेने के निर्देश दिए हैं।
कहा जा रहा है कि ऑफलाइन परीक्षा में बेहतर अंक लाने के लिए महाविद्यालयों में ऑफलाइन कक्षाएं तो लगी, लेकिन इस साल प्रवेश में लेटलतीफी होने के कारण कई बच्चे पढ़ नहीं पाए। इसलिए प्री.फाइनल परीक्षा का आयोजन कर उसके अंदर ऑफलाइन परीक्षा के भय को मिटाने के लिए यह परीक्षा ली जा रही है। इस परीक्षा के परिणाम आंतरिक मूल्यांकन में पाए गए अंक का 10 प्रतिशत जोड़ा जाएगा। गत वर्ष से पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियमानुसार आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा के 10 प्रतिशत अंक परीक्षार्थी के वार्षिक परीक्षा के प्राप्तांकों में जुडऩे जा रहे हैं। इसलिए करीब 95 प्रतिशत छात्राएं पूरी तैयारी के साथ इस प्री फाइनल परीक्षा में शामिल हो रही हैं।
कर्मा कालेज के प्राचार्य डॉ.रमेश कुमार देवांगन ने बताया कि इस परीक्षा से छात्राएं ऑफलाइन वार्षिक परीक्षा के लिए मानसिक रूप से तैयार होंगी और उनका मनोबल भी बढ़ेगा। डा.देवांगन ने बताया कि परिणाम 15 मार्च को घोषित होगा और टॉपर को पुरस्कृत भी किया जाएगा। कन्या महाविद्यालय में 21 फरवरी से आंतरिक मूल्यांकन प्री फाइनल परीक्षा शुरू हुई है। विश्वविद्यालय के वार्षिक परीक्षा की तर्ज पर परीक्षा कोरोना प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए तीन पालियों में ली जा रही है।