महासमुन्द

दम निकलते तक पीटते रहा चचेरा भाई, देखते रहे पड़ोसी
25-Feb-2022 3:38 PM
दम निकलते तक पीटते रहा चचेरा भाई, देखते रहे पड़ोसी

महासमुंद में 20 घंटे के भीतर दूसरी हत्या

पहली घटना में मृत पत्नी का हाथ थामें बैठा रहा आरोपी, दोनों ही वारदात नशे की हालत में   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 फरवरी।
महासमुंद जिले में कल 20 घंटे के भीतर दे हत्याएं हुईं। एक बुधवार रात साढ़े दस बजे और दूसरा गुरूवार शाम 6 बजे। हैरान कर देने वाली बात यह है कि दोनों ही हत्या शराब के नशे में की गई है। बुधवार रात पति पत्नी के विवाद में नशे में धुत्त पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और गुरूवार शाम चचेरे भाई ने शराब के नशे में भाई की हत्या कर दी। गुरूवार की शाम की खबर है कि जिला मुख्यालय के नजदीकी गांव बेलसोंडा में एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई को डंडे और पत्थर से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

कोतवाली थाना प्रभारी शेर सिंह बंदे ने बताया कि ग्राम बेलसोंडा के फोकटपारा निवासी अंबो धीवर पिता गयाराम (50) की उसके चचेरे भाई सुरेंद्र धीवर पिता खोरबाहरा (30) साल ने 5-6 बजे के बीच पैसे लेन-देन के मामले को लेकर विवाद हो गया। इसी बीच विवाद बढ़ा और तैैश में आकर सुरेंद्र ने अंबो के सिर पर डंडे और पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर दिया। इससे अंबो खून से लथपथ होकर, वहीं गिर गया और उसकी मौत हो गई। आरोपी घटना के  वक्त नशे में था। घटना के वक्त दोनों के पड़ोसी भी काफी तादात में मौजूद थे। विवाद के बाद ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 को फोन कर घटना की जानकारी दी। कोतवाली पुलिस की टीम ने सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त डंडे को भी जब्त कर लिया है।

इस घटना के महज 20 घंटे पहले महासमुंद शहर के वार्ड क्रमांक 11 नयापारा दलदली रोड में शराबी पति ने मामूली विवाद में पत्नी का गला दबा दिया। आरोपी विन कुमार मिरी और उसकी पत्नी पद्मा मिरी के बीच किसी बात को लेकर मामूली विवाद हो गया। घटना के दौरान दोनों शराब के नशे में थे। विवाद के चलते ही विन कुमार ने पत्नी पद्मा का गला दबा दिया और देखते ही देखते उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति अपनी पत्नी का हाथ थामे काफ ी देर तक बैठा रहा। रात 10.30 बजे विन कुमार घर के बगल के कमरे में गया, जहां उसके 4 बच्चे अपनी दादी के साथ रहते थे। वहां जाकर इसने बताया कि तुम्हारी मां का हाथ पैर ठंडा हो गया है और सांस नहीं ले रही है।   

इसके बाद पद्मा का बड़ा बेटा धनंजय कमरे में गया और जाकर देखा तो मां जमीन पर पड़ी हुई थी। इसके बाद धनंजय ने डायल 112 को फोन कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी विन कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।  मृतका का पीएम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना के बाद से मोहल्ले में मातम है। क्षणभर के गुस्से और शराब के नशे में की गई हत्या को लेकर सभी कह रहे हैं कि यदि थोड़ी समझदारी दिखाई होती तो यह अपराध नहीं होता। अब बच्चे बेसहारा हो गए। पिता जेल चला गया और मां की मौत हो गई।  
 


अन्य पोस्ट