महासमुन्द

पिछले वर्ष की तरह इस साल खाद की समस्या न हो, किसानों को लादन न थमाया जाए-अमर
09-Jun-2022 4:00 PM
पिछले वर्ष की तरह इस साल खाद की समस्या न हो, किसानों को लादन न थमाया जाए-अमर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 9 जून। खरीफ  सीजन में किसानों को खाद की पर्याप्त उपलब्धता के लिए बुधवार को कृषि विभाग स्थायी समिति के सभापति व जिला पंचायत सदस्य अमर अरूण चंद्राकर ने उपसंचालक कृषि विभाग के दफ्तर में जिले के सभी अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उपसंचालक कृषि अमित मोहंती सहित बागबाहरा, पिथौरा, बसना, सरायपाली क्षेत्र के ब्लॉक स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जिपं सभापति अमर अरूण चंद्राकर ने कहा कि पिछले वर्ष खाद की जो समस्या सामने आई वह इस बार नहीं आनी चाहिए। खाद की कालाबाजारी करने वाले होल सेलर, रिटेल व्यापारियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो। साथ ही समस्त अधिकारी अपने-अपने कार्य क्षेत्र में स्थित खाद-बीज दुकानों, गोदामों में औचक निरीक्षक कर खाद भंडारण की स्थिति का जायजा लेकर उपसंचालक को रिपोर्ट दें। साथ ही व्यापारियों द्वारा किसानों को लादन के रूप में दी जाने वाले अनावश्यक दवाइयों पर व्यापारियों से जानकारी एकत्र कर रिपोर्ट तैयार करें।

अमर ने कहा कि अभी से दुकानों में जाकर यह सुनिश्चित करें कि आगामी समय में यूरिया के साथ किसानों को लादन ना थमाया जाए। अधिकारी दुकानदारों से लिखित में सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करवाएं कि किसानों को लादन ना दिया जाए। वर्मी कंपोस्ट की गुणवत्ता पर भी ध्यान दें। अमर चंद्राकर ने कहा कि सहकारी समितियों में मिलने वाले वर्मी कम्पोस्ट किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद मिले, इसका विशेष ध्यान रखें। जिस गोठान में वर्मी खाद गुणवत्तापूर्ण ना हो वहां उठाव ना करें और संबंधित का भुगतान भी रोका जाए। वर्मी कंपोस्ट बनाने पर्याप्त मात्रा में केचुए की उपलब्धता सुनिश्चित करें।

इस पर उपसंचालक ने बताया कि केचुए की उपलब्धता के लिए डीएमएफ को अवगत कराया है। साथ ही जिन गोठानों में केचुआ नहीं है वहां केचुआ उपलब्ध कराने कलेक्टर को राशि की मांग की गई है। इस दौरान अमर अरूण चंद्राकर ने गोठानों में संचालित राज्य सरकार की विशेष योजनाओं की भी जानकारी ली। उपसंचालक अमित मोहंती ने बताया कि जिले में यूरिया की पर्याप्त भंडारण हैं, लेकिन डीएपी की किल्लत है। इस पर अमर ने पहल कर डीएपी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही अधिकारियों से क्षेत्र के दुकानों में कहां से और किस सप्लायर के माध्यम से खाद आ रही है और कितनी मात्रा में दुकानों, गोदामों में यूरिया व अन्य खाद की भंडारण है,इसकी जानकारी भी लें। अमर ने कहा कि लादन की शिकायत पर दुकानों को सील कर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाए ताकि कोई भी व्यापारी अधिक दर पर खाद के साथ लादन ना दे पाएं। अमर चंद्राकर ने कहा कि किसानों को खरीफ  सीजन में खाद के लिए परेशान होना ना पड़े। यदि कोई शिकायत आई तो इसके जिम्मेदार अधिकारी होंगे।


अन्य पोस्ट