महासमुन्द

आठ राज्यों के 240 खिलाडिय़ों के बीच होगा मुकाबला, 65 अंतरराष्ट्रीय वरीयता प्राप्त खिलाड़ी करेंगे शिरकत
09-Jun-2022 3:58 PM
आठ राज्यों के 240 खिलाडिय़ों के बीच होगा मुकाबला, 65 अंतरराष्ट्रीय वरीयता प्राप्त खिलाड़ी करेंगे शिरकत

ऑल इंडिया ओपन फीडे रेटिंग टूर्नामेंट, महासमुंद से 50 खिलाड़ी होंगे शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 9 जून। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर के विशेष पहल से जिला मुख्यालय महासमुंद के वन विद्यालय में पहली बार ऑल इंडिया ओपन फीडे रेटिंग टूर्नामेंट का आयोजन आगामी 11 से 15 जून तक किया जा रहा है। जिसकी तैयारी महासमुंद जिला शतरंज संघ द्वारा की जा रही है।

प्रवेश की अंतिम तिथि पश्चात् आठ राज्यों से कुल 240 खिलाडिय़ों का पंजीयन हो चुका है। प्रतियोगिता संचालक एवं राज्य सचिव हेमन्त खुटे तथा आयोजन समिति के जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे ने संयुक्त रूप से जानकारी दी है कि पहली बार महासमुंद में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा में 8 राज्यों इनमें छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, ओडि़शा व उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल से 65 अंतर्राष्ट्रीय वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। अकेले महासमुंद जिले से 50 खिलाडिय़ों ने अपना पंजीयन कराया है, जो महासमुंद के लिए नया कीर्तिमान है।

जिला शतरंज संघ एवं जिला प्रशासन के संयुक्त बैनर तले आयोजित होने जा रही ऑल इंडिया टूर्नामेंट के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई हैं। बाहर से आने वाले सभी खिलाडिय़ों के लिए सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई है। खिलाडिय़ों का बड़ी संख्या में भाग लेने की वजह से महासमुंद ट्रॉफी प्रदेश में सुर्खियों में बनी हुई है। इस टूर्नामेंट के संचालन एवं व्यवस्था में सभी लोग अभी से जुटे हुए हैं। खिलाडिय़ों की काफी तादात में भागीदारी से छत्तीसगढ़ प्रदेश की कार्यशैली को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।

महासमुंद ट्रॉफी से जिले व प्रदेश के उन नवोदित खिलाडिय़ों के लिए एक सुनहरा अवसर है जिनकी येलो रेटिंग नहीं है। उल्लेखनीय है कि इस रेटिंग टूर्नामेंट को विश्व शतरंज महासंघ फीडे ने विधिवत मान्यता प्रदान की है।


अन्य पोस्ट