महासमुन्द

तगड़ी फीस लेकर भी बच्चों को ट्यूशन पढऩे मजबूर कर रहा वेडनर स्कूल-आप
20-Sep-2022 7:30 PM
तगड़ी फीस लेकर भी बच्चों को ट्यूशन पढऩे मजबूर कर रहा वेडनर स्कूल-आप

शिकायतें मिली है, शिक्षकों-पालकों से बातचीत कर समस्या का समाधान करेंगे-प्राचार्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 20 सितम्बर। आम आदमी पार्टी महासमुंद विधानसभा अध्यक्ष संजय यादव ने विज्ञप्ति जारी कर शहर स्थित वेडनर स्कूल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा है कि वह बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न करें।

संजय यादव ने जारी विज्ञप्ति में कहा है कि पढ़ाई को लेकर जिले में पहले नंबर पर खड़ा वेडनर मेमोरियल स्कूल महासमुंद अब ट्यूशन हब बन गया है। यहां पढ़ाने वाले शिक्षक कक्षा में बच्चों को पढ़ाने के बजाय अपने घरों में ट्यूशन पढ़ाते हैं। दोपहर दो बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद बायोलाजी, मैथ्स, फिजिक्स, केमिस्ट्री शिक्षकों के घर बच्चों का ट्यूशन शुरू होता है। एक-एक शिक्षकों के घर बीस बीस से ज्यादा बच्चे ट्यूशन के लिए पहुंचते हैं।

इस मामले में स्कूल के प्राचार्य फादर देवानंद वाघ का कहना है कि इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं। हम निकट भविष्य में पालकों और शिक्षकों के साथ बैठकर समस्या का हल निकल लेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया है कि आम आदमी पार्टी इस बात का लंबे समय से पड़ताल कर रही थी। इसमें पता चला है एक-एक विषय के लिए 9-9 हजार रुपए इन बच्चों से पूरे कोर्स के लिए एडवांस में वसूला जाता हैं। यह भी जानकारी मिली है कि वेडनर स्कूल के शिक्षकों का वेतन जिले के अन्य निजी स्कूलों के शिक्षकों से बहुत ज्यादा है। यहां के सीनियर शिक्षकों को पचास हजार रुपए मासिक से ज्यादा वेतन प्रतिमाह मिलता है। स्कूल प्रबंधन इनका वेतन बढ़ाने हर साल बच्चों की फीस में बीस प्रतिशत की बढ़ोतरी करता है।

हालांकि दो सालों से कोरोना के कारण स्कूल फ ीस में 8 प्रतिशत बढ़ोतरी की गई थी। बड़े वेतन के बावजूद ये शिक्षक स्कूल में बच्चों को ठीक से पढ़ाते नहीं हैं। इस स्कूल के शिक्षकों ने अपने घरों में स्कूल की तरह कुर्सी टेबल वाले ट्यूशन कक्ष बनाए हुए हैं। जहां च्चों को ट्यूशन पढ़ाया जाता है। इससे इन शिक्षकों को दो-दो लाख रुपए सालाना अतिरिक्त कमाई होती है। ऐसा कक्षा छठवीं से शुरू होता है। संजय यादव का कहना है कि मध्यवर्गीय पालक किसी तरह अपने बच्चों के लिए ट्यूशन और स्कूल फ ीस दे पाते हैं लेकिन बहुत से बच्चों के पालक अपने बच्चों को पैसे की कमी के कारण ट्यूशन नहीं पढ़ाते। जो बच्चे ट्यूशन नहीं पढ़ते, उन्हें शिक्षक स्कूल में टार्गेट करते हैं। उनकी कापियां तक चेक नहीं करते और जो बच्चे ट्यूशन पढ़ते हैं, उन्हें परीक्षा का पूरा का पूरा प्रश्न पत्र सौंप दिया जाता है। ऐसे बच्चे आगे जाकर बोर्ड परीक्षा में फेल हो जाते हैं और मानसिक रूप से परेशान होते हैं।

इस तरह बच्चे जो ट्यूशन नहीं पढ़ पाते, वे मानसिक रूप से प्रताडि़त हो रहे हैं। क्योंकि स्कूल में ऐसे शिक्षकों के कारण बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा समाप्त हो गई है। ऐसे बच्चे जो दिन रात पढ़ाई के लिए पूरी ईमानदारी के साथ मेहनत करते हैं, वे काफी मायूस  हैं।

 वे हीन भावना से ग्रसित होते जा रहे हैं। किसी भी सीबीएससी मान्यता प्राप्त स्कूल के टीचर को ट्यूशन पढ़ाने का अधिकार नहीं है, यह स्पष्ट कानून है। इस कानून का वेडनर स्कूल प्रबंधन खुलेआम उलंघन कर रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी चुप्पी साधे देख रही है। आम आदमी पार्टी पहले भी कई बार स्कूल प्रबंधन को और जिला शिक्षाधिकारी को लिखित और मौखिक शिकायत कर चुकी है जिस पर आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। अब आगे अगर प्रबंधन ने नहीं चेता तो पार्टी के कार्यकत्र्ता पालकों के साथ मिल कर इन शिक्षकों के खिलाफ  स्ट्रिंग आपरेशन चलाएगी और सारे सबूत के साथ स्कूल प्रबंधन का घेराव करेंगी जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन और जिला प्रशासन की होगी।


अन्य पोस्ट