महासमुन्द
एक अच्छे खिलाड़ी बनने के लिए कोच की उंगली पकडक़र चलना जरूरी-विनोद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 सितम्बर। टर्मिनेटर एकेडमी द्वारा महासमुंद चैंपियन लीग क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत कल हुई। सभी मैच स्थानीय मिनी स्टेडियम में में खेला जा रहा है। 17 आयु वर्ग के बालकों द्वारा 12 दिवसीय वनडे मैच खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट में रायपुर और महासमुंद की छह टीम के बीच मैच होगा। इस मौके पर आयोजन के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने बल्लेबाजी में भी हाथ आजमाया।
मालूम हो कि टर्मिनेटर क्रिकेट एकेडमी के तत्वावधान में चैंपियन लीग क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। टूर्नामेंट के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर थे। अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रश्मि चंद्राकर रहीं। विशेष अतिथि के रूप में जिला स्काउट गाइड अध्यक्ष दाऊलाल चंद्राकर, एल्डरमेन सुनील चंद्राकर, जावेद चौहान, एन एस यू वाई के कार्यकारी अध्यक्ष वैंकेटेश चंद्राकर, आवेज खान, भूमिका ध्रुव, जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष सलीम कुरैशी, हुसैन कुरैशी, हुसैन खान, बसंत चंद्राकर,इमरान अली, आनंद कामदार, नवीन कुमार, जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे मौजूद थे।
मुख्य अतिथि के आसंदी से संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने कहा कि अच्छे खिलाड़ी बनने के लिए जोश और जुनून की आवश्यकता होती है। संसाधन के अभाव में ही प्रतिभावान खिलाड़ी बनते हैं। वरना सभी अमीरों के बच्चे बड़े-बड़े खिलाड़ी बन गए होते। संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा एक अच्छे खिलाड़ी बनने के लिए कोच की उंगली पकडक़र चलना जरूरी है। किसी भी क्षेत्र में बड़े सपनों को साकार करने के लिए बड़ी सोच के साथ लक्ष्य का निर्धारण करना होता है, तभी मंजिल तक पहुंचा जा सकता है।
उन्होंने कहा एक खिलाड़ी को परिक्षम के साथ दृढ़ इच्छाशक्ति भी रखनी चाहिए। इस दौरान संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि मिनी स्टेडियम को सुव्यवस्थित रूप देने के लिए 35 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। अध्यक्षता करते हुए नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने कहा कि हार के साथ एक जीत भी निश्चित है। क्योंकि एक खिलाड़ी को दोनों के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए।
नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने कहा कि सुविधाओं में जो कमी है उसमें और वृद्धि करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस दौरान नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने क्रिकेट कोच शावाब कुरैशी को महासमुंद जिले में क्रिकेट की पहचान स्थापित करने में जो परिश्रम किया है उसके लिए उन्हें शुभकामनाएं दी।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रश्मि चंद्राकर, सलीम कुरैशी, मनोज धृतलहरे ने भी संबोधित किया। शुभारंभ मैच महासमुंद कैपिटल एवं महासमुंद इंडियन्स के बीच खेला गया। प्रतिदिन 50-50 ओवर का एक मैच खेला जाएगा। मंच संचालन जमशेद रज़ा अभार क्रिकेट कोच शावाब ने किया।