जिला बनाने के मुद्दे पर आज सीएम ने कहा-चुनाव के पहले घोषणा नहीं हो पाएगी
कहा-जिलों को बनाने, स्थापित करने में समय लगता है, केवल घोषणा से काम नहीं चलता
भेंट मुलाकात में बलौदा थाने में पहला रोजनामचा मुख्यमंत्री ने दर्ज किया
महासमुंद, 8 दिसंबर। सरायपाली को जिले बनाने के लिए बीते तीस दिनों से लगाए जा रहे कयास को आज सुबह स्पष्ट हुआ कि चुनाव तक सरायपाली को जिला बनाने की घोषणा नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि जिलों को बनाने, स्थापित करने में समय लगता है। केवल घोषणा से काम नहीं चलता। चुनाव के पहले शायद घोषणा नहीं हो पाएगी। मुख्यमंत्री कल महासमुंद जिले के सरायपाली-बसना क्षेत्र में लोगों के बीच पहुंचे। दिनभर उनके साथ रहे। बहुत सारे निर्माण
कार्यों का शिलान्यास किया। बहुत से निर्माणों का उद्घाटन भी हुआ। उन्होंने दो गांवों में भोजन किया। जहां भोजन किया, वहां से लौटते वक्त भोजन खिलाने वाले परिवारों को कुछ न कुछ दान किया, लेकिन सरायपाली को जिला बनाने वाला मुद्दा गौण ही रहा।
गुरूवार की सुबह से जिले के अफसरों के साथ उनकी एक बैठक हुई। इस बैठक के बाद यह खबर बाहर आई कि सरायपाली को अभी जिला बनने में देर है।
उनके आगमन के लिए सरायपाली के बलौदा में एक हेलीपैड तैयार था, जिसमें बुधवार दोपहर एक बजे मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरा। इस वक्त बसना विधायक देवेन्द्र बहादुर सिंह, सरायपाली विधायक किस्मत लाल नंद, महासमुंद विधायक एवं संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर उनके साथ थे। दोपहर एक बजकर 14 मिनट पर बलौदा थाने का लोकार्पण हुआ। मुख्यमंत्री के यहां पहुंचते ही जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। ठीक 1.34 बजे उन्होंने बलौदा थाने में पहला रोजनामचा दर्ज किया। इस थाने का निर्माण एक करोड़ 97 लाख रुपयों की लागत से की गई है।
गौरतलब है कि बलौदा पुलिस चौकी पहले सराईपाली थाना के अंतर्गत था। इस चौकी के पुलिस थाना में उन्नयन से आसपास के 60 गांव के लोगों को सुरक्षा व्यवस्था मिलेंगी। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने थाना परिसर में कदम के पौधे का भी रोपण किया। उन्होंने ग्राम कोटवारों के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई।
इसके बाद दोपहर 1.32 पर उन्होंने लोगों से भेंट मुलाकात की। कहा-आज मैं बलौदा आया हंू। यहां अधिकारी हैं। जनप्रतिनिधि हैं। जो आपके लिए यहां आए हैं। धान काटने का समय है। आप सभी पैरादान कीजिए,यह महादान है। छत्तीसगढ़ बोर्ड की दसवीं परीक्षा के टापर्स जिन्होंने कक्षा दसवीं बोर्ड में टाप टेन में स्थान हासिल किया था, सभी सरायपाली ब्लॉक की 6 छात्राओं टापर छात्राएं मीनाक्षी पटेल, नैंसी पटेल, भवानी पटेल, महक अग्रवाल, प्राची भोई और ममता नर्मदा को वादे के मुताबिक हेलीकाफ्टर का सैर भी कराया।
भेंट मुलाकात कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से उनसे मुलाकात की तो बच्चों ने हेलीकाप्टर राइड के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को ऑटोग्राफ भी दिया और उन्हें मन लगाकर पढऩे की सलाह देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
अपने इस भेंट मुलाकात कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरायपाली के शिशुपाल पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मंज़ूरी से जल्द ही देते हुए सरायपाली को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान देन की घोषणा की। उनके घोषणा करते ही उपस्थित स्थानीयजनों ने ज़ोरदार तालियां बजाकर मुख्यमंत्री का आभार जताया। कहा जा रहा है कि अब इस पहाड़ पर ट्रैकिंग, पर्यटकों के लिए कई मूल भूत सुविधाओं को स्थापित करने का रास्ता खुल गया है।
इस अवसर पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर, सरायपाली विधायक किस्मत लाल नंद, बसना विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, प्रबंध संचालक पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन पवन सिंह देव, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज शेख आरिफ हुसैन, महासमुंद कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र छवई सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
अभी सरायपाली का शिशुपाल पर्वत ट्रैकिंग का नया प्वाइंट बना हुआ है। हर सप्ताह शनिवार और रविवार को यहां पर्यटकों की भीड़ होती है। बताया जाता है कि इसी पहाड़ के ऊपर किसी समय राजा शिशुपाल का महल हुआ करता था। जब राजा को अंग्रेजों ने घेर लिया तब राजा ने अपने घोड़े की आंख पर पट्टी बांधकर पहाड़ से छलांग लगा दी थी। इसी कारण इस पहाड़ को शिशुपाल पर्वत और यहां के झरने को घोड़ाधार जलप्रपात कहा जाता है। यह राजधानी रायपुर से करीब 157 किमी, सरायपाली से 30 किमी की दूरी पर स्थित है। समुद्र तल से शिशुपाल पर्वत की ऊंचाई करीब 900 फीट है। शिशुपाल पर्वत के ऊपर पहुंचने पर बड़ा सा मैदान है, जहां से बारिश के दिनों में पानी घोड़ाधार जलप्रपात के रूप में करीब 1100 फीट नीचे गिरता है।