महासमुन्द

पीढ़ा में बिछौना लगा फुलकांस की थाली में खाया पारंपरिक भोजन, कहा-करेला भाजी पहली बार खाई
08-Dec-2022 12:51 PM
पीढ़ा में बिछौना लगा फुलकांस की थाली में खाया पारंपरिक भोजन,  कहा-करेला भाजी पहली बार खाई

 भंवरपुर बनेगा नपं, मंदरपुर में राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा सहित कई घोषणाएं   
महासमुंद, 8 दिसम्बर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार दोपहर भंवरपुर हेलीपैड पहुंचे। लोगों से भेंट मुलाकात के बाद उद्धल सिदार के घर भोजन किया। यहां उनके लिए करेले की भाजी बनी थी। खाना खाते उन्होंने पहली बार करेला भाजी खाने की बात कही। आदिवासी किसान उद्धल नेे अपने घर में फु लकांस की थाली में बड़ी ही सादगी के साथ छत्तीसगढ़ी पारंपरिक भोजन परोसा था। 

घर के बाड़ी से निकले सुनसुनिया, करेला, तिंवरा और मुनगा भाजी, जिमीकांदा, गारे वाला कड़ही, तिंवरा दाल, रहर दाल, बिजौरी, सील बट्टे से पीसी टमाटर चटनी का मजे से स्वाद लिया। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, सरायपाली विधायक किस्मतलाल नंद, जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, जिलाध्यक्ष रश्मि चंद्राकर भी इस वक्त उनके साथ थे। मुख्यमंत्री ने भोजन पश्चात घर के सदस्यों को उपहार भेंट किया। मुख्यमंत्री ने ग्राम भंवरपुर से ही महासमुंद जिले के पांच विकासखंडों को हाट बाजार क्लिनिक योजना की पांच वेन व एक एंबुलेंस की सौगात दी।

भंवरपुर में मुख्यमंत्री ने हाट बाजार क्लीनिक योजना की वाहन को हरी झंडी दिखाते हुए हितग्राहियों से मुलाकात की। यहां उन्होंने ग्राम पंचायत भंवरपुर को नगर पंचायत बनाने, भंवरपुर को उप तहसील बनाने, मंदरपुर में किसी राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने, पुलिस चौकी भंवरपुर का थाने में उन्नयन करने, भंवरपुर में कॉलेज की स्थापना करने, भंवरपुर में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश माध्यम विद्यालय खोलने,  भंवरपुर में ओपन जिम खोलने, भंवरपुर से सरायपाली तक सडक़ निर्माण को तेज गति से पूरा करने की घोषणा की। 

यहां पोटापारा के रघुनाथ ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका 3 लाख का लोन माफ  हुआ। खेती से आमदनी हुई जिससे खेत में पम्प लगाया और ट्रैक्टर खरीदा। किसान रघुनाथ ने बताया कि फसल बीमा का लाभ नहीं मिला है। इसे सुनकर मुख्यमंत्री ने जल्द दिलवाने के आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने स्वामी आत्मानंद स्कूल बसना के छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल का वितरण भी किया। ’स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल बसना की कक्षा नौवीं की छात्रा तेजस्वनी साव, अंकिता प्रधान, शिवानी साहू, श्रद्धा प्रधान, मंदाकिनी पांडे को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत नि:शुल्क साइकिल का वितरण किया गया। 
इस अवसर पर ग्राम पंचायत भंवरपुर के युधिष्ठिर पटेल, संतोष नायक, रतन सिदार, जगदीश पटेल तथा ग्राम पंचायत कूड़ेला के प्रीतम सिंग सिदार को मसूर बीज मिनी किट का वितरण किया। ग्राम आरा पथरा के उमंग साव ने पेट की बीमारी के इलाज के लिए मुख्यमंत्री से

सहयता की मांग की तो मुख्यमंत्री ने दो लाख सहायता राशि देने का आश्वासन दिया। राजीव गांधी भूमिहीन श्रमिक न्याय योजना हितग्राही को मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग की नि:शुल्क उपकरण वितरण योजना के तहत, अस्थिबाधित दिव्यांग प्रमिला भोई ग्राम पिपलीपाली और अशोक ग्राम काशीपाली को मोटराईज्ड ट्रायसायकल सौंपी। प्रमिला भोई बीएससी सेकेण्ड वर्ष की बसना की छात्रा है। 
ग्राम पंडरीपाली निवासी नरेन्द्र साहू के 8 साल उम्र के बेटे विवान जो कि सेरीब्रल पाल्सी नाम की जन्मजात बीमारी से ग्र्सत है, को  बेहतर इलाज के लिए भेंट मुलाकात कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करते ही मुख्यमंत्री ने इलाज के लिए हरसंभव मदद के निर्देश कलेक्टर को दिए। ग्राम आरा.पथरा के उमंग साव को पेट की बीमारी के इलाज के लिए मुख्यमंत्री ने दो लाख रुपए की सहायता राशि देने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर ग्राम संकरी निवासी रोहित डडसेना ने बताया कि उसने कुल 11 सौ 60 क्विंटल गोबर बेचकर 02 लाख 32 हजार रुपए की आमदनी हुर्ई है। रेखा लहरे ने बताया कि वर्मी कंपोस्ट से उसके समूह ने 1 लाख पांच हजार की आमदनी मशरूम शेड एवं मुर्गी शेड और गौठान में तार घेरे बनाकर किया है। बसना के स्वामी आत्मानंद स्कूल की छात्रा पूजा ने बताया कि स्वामी आत्मानंद स्कूल में नि:शुल्क उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान की जाती है। 


अन्य पोस्ट