दारू फैक्ट्री बंद करो के नारे लगाते बहिष्कार कर बाहर निकल गए ग्रामीण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 सितंबर। जिला मुख्यालय से 10 किमी दूर ग्राम बेलटुकरी में प्रस्तावित अनाज आधारित आसवनी डिस्टिलरी की कल जन सुनवाई के दौरान अंचलवासियों ने जमकर विरोध किया और जिला पंचायत सदस्य द्वय अमर चंद्राकर और जागेश्वर जुगनू चंद्राकर के नेतृत्व में ग्रामीण दारू फैक्ट्री बंद करो के नारे लगाते हुये जन सुनवाई का बहिष्कार कर बाहर निकल गए।
इसके बाद देर तक बाहर सडक़ पर सैकड़ों ग्रामीण नारेबाजी के साथ विरोध प्रदर्शन करते रहे। वहां पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में कोई फ र्शी उद्योग भी लगता है तो पूरा गांव जान जाता है। इतनी बड़ी फैक्ट्री लगने जा रही है, लेकिन लोगों को पता क्यों नहीं चल पाया? इस तरह अवैध जन सुनवाई ग्रामीणों के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि इस फैक्ट्री की स्थापना हेतु एक ईंट भी नहीं रखने देंगे। बाहरी लोगों का छग में कोई रोल नहीं है।
मालूम हो कि डिस्टिलरी के पक्ष में कल सुबह 11 बजे जन सुनवाई एडीएम दुर्गेश वर्मा, एसडीएम युके साहू, छग पर्यावरण संरक्षण मंडल के ईई की उपस्थिति में पुलिस सुरक्षा के बीच शुरू हुई। इस समय बेलटुकरी तथा आसपास के गांवों से महिलाएं समूहों में पहुंची थीं। करणीकृपा संयंत्र का सालभर से विरोध कर रहे ग्रामीण भी जनसुवाई में रैली लेकर पहुंचेे थे। वरिष्ठ भाजपा नेता मोती साहू ने लिखित आपत्ति दर्ज कराई तथा संबोधन में विरोध करते हुए कहा कि संयंत्र से निकलने वाले धुंआ, डस्ट, प्रदूषित पानी से क्षेत्र की कृषि भूमि पथरीली होगी। ग्रामीणों को दूषित पानी पीना पड़ेगा। कृषि उत्पादन घटेगा।
जिला पंचायत सदस्य अमर अरूण चंद्राकर ने कहा कि इसके प्रदूषित पानी डिस्टिलरी से आसपास के गांवों के नालों का पानी दूषित होगा। इसमें लोगों को कोई फायदा नहीं होने वाला। यहां से गुजरनेवाले नालों से 10 गांवों के ग्रामीणों की निस्तारी होती है। भूमिगत जल स्त्रोतों का दोहन होने से किसानों के ट्यूबवेल सूख जाएंगे। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री का कचरा,दूषित पानी महानदी में जाने से नदी का पानी दूषित होगा। पर्यावरण नष्ट होगा। पशुओं को नालों का दूषित पानी पीना पड़ेगा। इस फैक्ट्री का गांव मालीडीह में कोई सूचना नहीं है। गांव वालों के साथ धोखा किया जा रहा है।
यह सुनवाई करीब डेढ़ घंटे चली। कुछ लोग अपनी बात रखते समय विषय से भटकते रहे तो एडीएम दुर्गेश वर्मा उन्हें बार-बार विषय पर बोलने के लिए कहते रहे। समापन पूर्व ग्रामीण नारेबाजी करते हुये पंडाल से बाहर चले गए। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने संयंत्र के पक्ष में अपनी बात रखी। इस दौरान एक चार पहिया वाहन में करीब सौ किमी दूर सरायपाली से आए 8-10 लोगों में से कुछ ने जनसुनवाई में संयंत्र के पक्ष में अपने विचार रखा तो गुस्साए ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। पूछताछ में उन्होंने सरायपाली से आना बताया। पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
देवेंद्र चंद्राकर अछोली,चैनसिंह साहू तुमगांव, निरंजन निषाद, लालाराम साहू, अजय यादव समेत कई ग्रामीणों ने संबोधन में विरोध दर्ज कराया। जबकि समीर चौहान पिथौरा, हेमप्रकाश पांडे, ओमप्रकाश साहू भोरिंग तथा करीब सौ किमी दूर सरायपाली से जीप में आए कुछ लोगों ने डिस्टिलरी के पक्ष में विचार रखा। प्रशांत साहू ने कहा कि स्थानीय लोगों को रोजगार की गारंटी मिलनी चाहिए।
मालूम हो कि यहां लगने जा रहा उद्योग भारत में स्पिरिट का सबसे बड़ा स्वतंत्र निर्माता और विक्रेता है। डिस्टिलरी में नीटस्ट एक्ट्रन्यूट्रल एल्कोहल औद्योगिक एल्कोहल डिनेवर्ड स्पिरिट विशेष डिर्न स्पिरिटमाट स्पिरिट का उत्पादन होगा। डिस्टिलरी की क्षमता 2.10 लाख लीटर प्रतिदिन उत्पादन की करोड़ रुपए बताई गई है। इसके लिए कच्चा माल अनाज, टूटे चावल, ज्वार, बाजरा, मक्का आदि प्रतिदिन 464 टन टीडीपी मीट 20 टीडीपी की प्रतिदिन जरूरत होगी। जो निकटतम बाजार से सडक़ मार्ग द्वारा डिस्टिलरी को उपलब्ध होगी। साथ ही एक सह उत्पाद विद्युत इकाई 6.25 मेगावॉट क्षमता की स्थापित होगी।
रासायनिक प्रक्रिया के लिए सोडियम हाइड्रोक्ट कॉस्टिक सोडा 2100 किलो प्रतिमाह, पोषक तत्व 420 किलो प्रतिदिन एंजाइम 273 किलो प्रतिदिन, एंटीफोम एजेंट 105 किलो प्रतिदिन तथा पोस्ट 105 किलो प्रतिदिन जरूरत होगी। जबकि बॉयलर के लिए बायोमास चावल की भूसी 412 फिर कम सल्फरला कोयला 288 टीडीपी की जरूरत होगी। इसी तरह 1102000 लीटर पानी की प्रतिदिन जरूरत होगी। जो सतही जल समोदा बांध से मिलेगा 150 व्यक्ति की डिस्टिलरी में जरूरत होगी। बताया गया है कि अकुशलध् अर्धकुशल स्थानीय और कुशल स्टॉफ बाहर व स्थानीय क्षेत्र से जुटाये जाएंगे।
परियोजना प्रस्तावक दिनेश वि सिंह ने कंपनी की ओर से पक्ष रखते हुए ग्रामीणों द्वारा पूछे गए सवाल व आपत्तियों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि संयंत्र में 150 कुशल व अर्धकुशल स्टॉफ की जरूरत होगी। योग्यता के हिसाब से आसपास के गांवों से लोगों को रोजगार दिया जाएगा। परिवहन, होटल जैसे अनेक व्यवसाय अप्रत्यक्ष रूप से खुलेंगे। वायु प्रदूषण रोकने के लिए ईएसपी उपकरण और 60 मीटर ऊंचाई की चिमनी स्थापित की जाएगी। राज्य एवं केंद्र के प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की निगरानी होगी। प्रदूषित पानी की एक बूंद भी संयंत्र से बाहर नहीं जाएगी। संयंत्र में इथेनाल बनेगा। इसलिए आबकारी विभाग के दिशा निर्देशों का पालन होगा। जन सुनवाई की सूचना अखबार में दी गई थी। कंपनी की ओर से डायरेक्टर ए के बन्ना, प्रेसीडेंट टेक्नीकल मुकेश शर्मा, वाइस प्रेसीडेंट टेक्नीकल एसके शुक्ला आदि मौजूद थे।