महासमुन्द

जिला स्तर वार्षिक उत्सव एल्युम्नी मीट का आयोजन
29-Sep-2023 4:16 PM
जिला स्तर वार्षिक उत्सव एल्युम्नी मीट का आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 सितम्बर।
शासन की अनेक रोजगार उन्मुखी योजनाएं संचालित है। जिससे युवाओं को स्वरोजगार के साथ साथ रोजगार के अवसर भी प्रदान करा रहे हैं। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत संचालित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत विगत वर्षो में प्रशिक्षित एवं नियोजित युवक एवं युवतियों का जिला स्तरीय वार्षिक उत्सव एल्युम्नी मीट का आयोजन गत दिनों जिला पंचायत में किया गया। जिसमें दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना अंतर्गत कार्यरत पीआईए के माध्यम से विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षित एवं नियोजित युवक.युवती एवं उनके पालक अधिक संख्या में उपस्थित हुए।

इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एस आलोक, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना राज्य कार्यालय से मयूर गुप्ता, एमआईएमएस एक्जीक्यूटिव तथा डीडीयूजीकेवाय के क्रियान्वयन एजेंसी के प्रतिनिधि, प्रशिक्षित युवक युवती तथा उनके पालकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल ने कहा कि शासन में अनेक योजना संचालित है। जिससे ग्राम की महिलाओं और युवक.युवतियों को रोजगार के अवसर मिल रहे है। जिसमें बिहान योजना अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। अपने प्रयास से व्यक्ति हमेशा सफल होता है उसे निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। 

उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल ने कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता अपने में विश्वास रखे और कोई भी काम ईमानदारी से करे तो उसमे सफलता निश्चित ही मिलती है। जिला पंचायत सीईओ एस.आलोक ने प्रशिक्षित एवं नियोजित हितग्राहियों को बधाई दी और जीवन में सदैव प्रत्येक कार्य को लगन से करने को प्रोत्साहित किए। 

कार्यक्रम के समापन में समस्त युवक युवतियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए अतिथियों के माध्यम से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल ने सभी प्रतिभागियों एवं उनके अभिभावकों को मतदान हेतु शपथ दिलाई।


अन्य पोस्ट