महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 29 सितंबर। कलार समाज की महिलाओं द्वारा रविवार को कलार भवन में तीज मिलन का कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ कलार समाज की महिला मंच प्रदेश अध्यक्ष प्रमिला सिन्हा थीं। कार्यक्रम में कलार समाज के जिलाध्यक्ष नीरज गजेंद्र विशेष रूप से उपस्थित थे। समारोह में विविध कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया और उनके विजेताओं को सम्मानित-पुरस्कृत किया गया।
नीरज गजेंद्र ने तीज और छत्तीसगढ़ की संस्कृति में महिलाओं की भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी से जुड़ी परंपराएं कलार समाज के रगों में दौड़ती है, और उससे हम सभी गर्व का अनुभव करते हैं। यह छत्तीसगढ़ की मिट्टी का ही प्रभाव है कि समाज में महिलाओं को मिले स्थान से कलार परिवार सामाजिक-आर्थिक और राजनीतिक दृष्टिकोण से मजबूत हुआ है। उन्होंने समारोह में मौजूद महिला-पुरुषों को समाज के आराध्य शिव-शक्ति की कथाओं को जीवन में उतारने का अनुरोध किया।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद छत्तीसगढ़ कलार समाज की महिला मंच प्रदेश अध्यक्ष प्रमिला सिन्हा ने विश्वास दिलाया कि कलार समाज की महिलाएं परिवार को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहीं हैं और इस दिशा में अनवरत वे काम करती रहेंगी। उन्होंने महिलाओं और पुरुषों के बीच के भेद को सभी समाजों में खत्म करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि कलार समाज में प्रारंभ से ही महिलाओं की नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा दिया है, त्याग और तपस्या की मिसाल रही माता बहादुर कलारिन की वीरगाथा महिलाओं के आत्मबल को बढ़ाने में आजीवन मार्गदर्शक बनकर रहेगी।