महासमुन्द
महासमुंद, 29 सितम्बर। पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश मीडिया पेनलिस्ट डॉ. विमल चोपड़ा ने नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग द्वारा लगातार भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के नेताओं पर लगाए जा रहे अनर्गल आरोपों का पुरजोर विरोध करते हुए कहा है कि पहले शहर के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए ट्रेफिक सिग्नल, सफाई व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, संजय कानन व अन्य उद्यानों एवं नपा की प्रशासनिक व्यवस्था को सुधार ले, विकास कार्यों की कुछ सौगात दें, उसके बाद दूसरी तरफ देखें।
डॉ. चोपड़ा ने कहा कि क्या महासमुंद नगर पालिका में सपंतीकर आधा हो गया, जिसका वादा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पांच वर्ष पूर्व किया था और शहर की साठ हजार जनता उस वादे के पूर्ण होने का बेसब्री से इंतजार कर रही है। क्या नपाध्यक्ष ने अपने इस एक वर्ष से अधिक के कार्यकाल में एक भी बार सरकार को पत्र लिखा? क्या मुख्यमंत्री के महासमुंद आगमन पर उनके समक्ष इस बात को रखा कि इस घोषणा से साठ हजार महासमुन्दवासी राहत पा सकते हैं? क्या भूपेश बघेल ने अपने वादे के अनुसार महासमुंद क्षेत्र में निवासरत निराश्रितों का पेंशन 1500 रुपए कर दिया? क्षेत्र के हजारों निराश्रित आज इस बात की बाट जोह रहे हैं कि उनकी अपनी नपाध्यक्ष इस मांग को कब उठाएंगी। परंतु उन्हें अब नपाध्यक्ष से कोई उम्मीद नहीं बची है।
डॉ. चोपड़ा ने कहा कि नपाध्यक्ष राशि महिलांग को महासमुंद शहर की जनता को इस बात की भी जानकारी देनी चाहिए कि क्या महासमुन्दवासियों को राज्य सरकार ने चिटफंड कंपनियों का पैसा वापस दिला दिया है? यदि नहीं ंतो मुख्यमंत्री के समक्ष इन बातों को रखा क्यों नहीं जा रहा है?
मुख्यमंत्री से इस बात का जवाब क्यों नहीं मांगा जा रहा है कि उनके निकाय के अनियमितता एवं ठेका कर्मचारी कब नियमित होगें। जिसका वादा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार में आने पर किया था। महिला समूह के ऋण माफी की घोषणा करनी वाली कांग्रेस पार्टी ने क्या महासमुंद शहर की महिला समूह का ऋण माफ कर दिया?
सवाल हजारों हैं पर जवाब कांग्रेस के पास कुछ नहीं है। झूठ बोलकर भाजपा नेताओं को बदनाम करने की उनकी कोई भी कोशिश सफल नहीं होगी। परिवर्तन यात्रा में उठ रहे शराब घोटाले, कोयला घोटाले, महादेव एप्प सट्टा घोटाले का कोई जवाब यदि कांग्रेस के नेताओं के पास है तो दें। क्यों उनके नेता और मुख्यमंत्री कार्यालय के बड़े अधिकारी वर्षों से जेल की हवा खा रहे हैं?