सबसे ज्यादा बसना में 83 सबसे कम महासमुंद में 75 फीसदी मतदान
वापसी पर मतदान दलों को कलेक्टर समेत अफसरों ने गुलाब फूल देकर दी बधाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 नवम्बर। शुक्रवार को दिन भर मतदान के बाद शाम 7 बजे मतदान दलों की वापसी शुरू हुई जो आधी रात तक चली। जिले के सरायपाली क्रमांक 39 में 81.68, बसना विधानसभा क्रमांक 40 में 83.47, खल्लारी क्रमांक 41 में 81.34 तथा महासमुंद क्रमांक 42 में 75.17 प्रतिशत मतदान का अनुमान है।
आज सुबह तक महासमुंद कृषि उपज मंंटी स्थित स्ट्रांग रूम में सभी मशीनें सील कर दी गई हैं। आगामी 3 दिसंबर को मतगणना के बाद उम्मीदवारों के जीत हार फैसला हो सकेगा। कांग्रेस की डॉ. रश्मि चंद्राकर, चातुरी नंद, राजा देवेन्द्र बहादुर, द्वारिकाधीश याादव, जोगी पार्टी के किस्मत लाल नंद, भाजपा की सरला कोसरिया, अल्का चंद्राकर, संपत अग्रवाल और योगेश्वर राजू सिन्हा समेत 53 प्रत्याशियों की किस्मत इस वक्त स्ट्रांग रूम में बंद हैं।
इस बार खास बात यह रही कि मतदान दलों की वापिसी के वक्त कलेक्टर ने अपने मातहतों को गुलाब फूल भेंट किया। कल रात लगभग 9 बजे खल्लारी विधानसभा अंतर्गत मतदान केंद्र धरमपुर, छिंदौला, अमेठी सहित अन्य मतदान दल की सकुशल वापसी हुई है।
कलेक्टर प्रभात मलिक ने सफलता पूर्वक निर्वाचन संपन्न कराने के लिए पूरी टीम को बधाई दी है। उपजिला निर्वाचन अधिकारी निर्भय साहू, खल्लारी के आरओ सृष्टि चंद्राकर एवं निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों ने भी मतदान दलों को गुलाब फूल देकर बधाई दी है।
मालूम हो कि जिले में कल शुक्रवार सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान हुआ। तत्पश्चात मतदान दलों की वापसी का सिलसिला प्रारंभ हुआ जो देर रात तक चला। जिला प्रशासन ने सभी काउंटर्स में मतदान दल वापसी के लिए तैयारी की थी। मंडी परिसर में उनकी वापिसी की माकूल व्यवस्था की गई थी।
इस तरह कल राज्य में छठवीं विधानसभा के गठन के लिए महासमुंद जिले से 4 सदस्यों को चुनने हेतु 99 सेक्टर अधिकारियों, 12 हजार 295 मतदान कर्मचारी अधिकारी के सहयाोग से 8 लाख 55 हजार 503 मतदाताओं ने 1079 मतदान केंद्रों में अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। अब कांग्रेस और भाजपा समेत कुल 53 प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद हो गया है। इसके नतीजे 3 दिसंबर को मतगणना के बाद घोषित किए जाएंगे।
जिले के कुल 8 लाख 55 हजार 503 मतदाताओं में 4 लाख 21 हजार 769 पुरुष तथा 4 लाख 33 हजार 714 महिला मतदाता थए। जबकि 20 थर्ड जेंडर के मतदाता थे। कुल मतदााताओं में से 5 हजार 288 दिव्यांग, 18 से 19 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं की संख्या 30 हजार 390 तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों की संख्या 7 हजार 576 और सेवा मतदाताओं की संख्या 375 थे।
मतदान के लिए कुल 235 रूट चार्ट बनाए गए थे। कृषि उपज मंडी में कल सुबह 6 बजे से मतदान दलों को सामग्री वितरण किया गया था। प्रत्येक विधानसभा के लिए 16-16 काउंटर बनाये गये थे। जिले में कुल 1079 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जिनमें 121 संवेदनशील और शेष सामान्य थे। महासमुंद लिए की चारों विधानसभा क्षेत्र महासमुंद.42, खल्लारी.41, बसना.40 व सरायपाली.39 में मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए इस बार 540 मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की गई। इनमें विधानसभा क्षेत्र महासमुंद के 126 मतदान केंद्र, खल्लारी के 136, बसना के 143 एवं सरायपाली के 133 मतदान केन्द्र शामिल हैं।
वेबकास्टिंग की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नियंत्रण कक्ष से लगातार मॉनिटरिंग जारी रही। नोडल अधिकारी संयुक्त कलेक्टर एसके टंडन और सहायक नोडल अधिकारी भूपेन्द्र अंबिलकर के मार्गदर्शन में नियंत्रण कक्ष में सतत निगरानी जारी रही। उनके साथ 4-4 कर्मचारी, माइक्रो ऑब्जर्वर, तकनीकी व आईटी समेत कुल 16 कर्मचारी मौजूद रहे। कैमरे बूथ उन स्थानों पर चिन्हित किए गए, जहां नेटवर्किंग की व्यवस्था थी।
इस दौरान लाइव प्रसारण की जिम्मेदारी आईटी विभाग निभाते रहा। प्रत्येक बूथों पर तीन स्तर पर निगरानी की व्यवस्था होती रही। विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी और रायपुर में राज्य निर्वाचन आयोग इन बूथों पर मतदान प्रक्रिया को लाइव देखते रहे। जिले के सभी मतदान केंद्रों में मतदाताओं के सहयोग के लिए मतदाता सहायक वोटर असिस्टेंट मौजूद रहे। वोटर असिस्टेंट द्वारा मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम ढूंढने और मतदान केंद्र के संबंध में जानकारी देने के साथ-साथ दिव्यांग और वरिष्ठजनों का मददगार बनकर खडड़े रहे।
मतदाता मित्र के रूप में एनएसएस के 829 व स्काउट गाइड के 800 कैडेट्स भी मतदान केंद्रों में दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिकों तथा शारीरिक रूप से अक्षम मतदाताओं को सहयोग प्रदान करते रहे। व्हील चेयर, पेयजल, प्राथमिक स्वास्थ्य उपलब्ध कराने में लगातार उनका सहयोग रहा। तृतीय लिंग के मतदाताओं ने भी मतदान में उत्सुकता दिखाई। दिव्यांग और वृद्धजनों को ई-रिक्शा की सुविधाएं भी दी गई।